विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

थाने में बिलखते रहे मां-बाप, लेकिन बेटी ने नहीं मानी बात; महाराष्ट्र से मेरठ आकर हलवाई संग रचाई शादी

By Lokesh Sharma Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Mon, 14 Sep 2026 12:51 PM (IST)

Meerut News: इंस्टाग्राम पर दोस्ती के बाद महाराष्ट्र की एक युवती ने मेरठ आकर हलवाई युवक से कोर्ट मैरिज कर ...और पढ़ें

AI जेनरेटिड फोटो

AI जेनरेटिड फोटो

HighLights

  1. इंस्टाग्राम पर दोस्ती, महाराष्ट्र की युवती मेरठ पहुंची।

  2. युवती ने मेरठ के युवक से कोर्ट मैरिज की।

जागरण संवाददाता, मेरठ। इंस्टाग्राम पर दोस्ती के बाद महाराष्ट्र के कुर्ला से मेरठ पहुंची युवती ने हलवाई का काम करने वाले युवक से कोर्ट मैरिज कर ली। उधर, युवती के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद महाराष्ट्र पुलिस ने जांच की तो युवती की लोकेशन मेरठ में मिली।

महाराष्ट्र पुलिस ने स्थानीय पुलिस की मदद से युवती को बरामद कर युवक को हिरासत में लिया। थाने में माता-पिता घंटों मान-मनौव्वल करते रहे लेकिन युवती ने उनके साथ जाने से इनकार कर दिया। कहा, उसने युवक संग कोर्ट मैरिज कर ली है। अब उसके ही पास रहेगी। वह मां-बाप को थाने में रोते हुए छोड़ युवक के साथ चली गई।

गंगानगर थाना क्षेत्र के मीनाक्षीपुरम गली नंबर-1 में एक युवक हलवाई का काम करता है। युवक की महाराष्ट्र के कुर्ला क्षेत्र निवासी मुस्लिम समाज की युवती से एक साल पहले दोस्ती हुई थी। इसके बाद दोनों फोन पर बातचीत करने लगे। युवक ने युवती के समक्ष शादी का प्रस्ताव रखा तो युवती गत नौ अगस्त को घर से निकल गई। 11 अगस्त को वह ट्रेन से हरिद्वार पहुंची।

इसके बाद युवक उसे मीनाक्षीपुरम ले आया। 20 अगस्त को युवक ने उसके साथ मेरठ में कोर्ट मैरिज की और शादी का पंजीकरण भी करा लिया। उधर, युवती के लापता होने पर स्वजन ने थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस ने युवती की इंस्टाग्राम आइडी, मोबाइल लोकेशन चेक की तो पता चला वह मेरठ के गंगानगर में है।

महाराष्ट्र पुलिस युवती के स्वजन के साथ रविवार को गंगानगर थाने पहुंची। इसके बाद युवती को बरामद कर युवक को हिरासत में ले लिया। मां-बाप चार घंटे तक बेटी को समझाते रहे लेकिन उसने उनके साथ जाने से इन्कार कर दिया। इसके बाद युवती मां-बाप को थाने में रोते हुए छोड़ युवक संग चली गई।

सीओ सदर देहात सुधीर सिंह ने कहा, युवक और युवती बालिग हैं। उन्होंने कोर्ट मैरिज के प्रमाण-पत्र भी दिखाए हैं। युवती की इच्छानुसार उसे युवक के साथ भेज दिया गया है।