लव जिहाद : डीएनए जांच के लिए भेजा गया प्रिया के माता और पिता का नमूना Meerut News
परतापुर के भूड़बराल में शमशाद ने लव जिहाद में प्रिया और उसकी बेटी कशिश का कत्ल कर शव बेडरूम में गाड़ दिए थे। पुलिस ने डीएनए टेस्ट के लिए प्रिया के माता-पिता का नूमना लिया।
मेरठ, जेएनएन। परतापुर के भूड़बराल में शमशाद ने लव जिहाद में प्रिया और उसकी बेटी कशिश का कत्ल कर शव बेडरूम में गाड़ दिए थे। बुधवार को पुलिस ने डीएनए टेस्ट के लिए प्रिया के माता-पिता का नूमना लिया। नमूना व कंकाल लखनऊ की फोरेंसिक लैब भेज दिया ताकि ताकीद की जा सके कि दोनों शव उन्हीं के थे। 25 जुलाई को पुलिस ने शमशाद को गिरफ्तार कर उसके घर के अंदर से मां-बेटी के शव बरामद किए। प्रिया मूलरूप से गाजियाबाद के नेहरू नगर की रहने वाली थी। वह पति से तलाक लेने के बाद मोदीनगर में अपनी सहेली के पास किराए के मकान में रहने लगी थी। वहीं से शमशाद ने प्रिया को प्रेमजाल में फंसाया।
बेड के नीचे गाड़ दिया था
भूड़बराल में प्रिया व कशिश को लेकर रहने लगा। लॉकडाउन में शमशाद ने मां-बेटी की हत्या कर शव को घर में बेड के नीचे गाड़ दिया था। प्रिया की सहेली की तरफ से मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने शमशाद को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। शवों को निकाला गया। इंस्पेक्टर आनंद मिश्रा ने बताया कि बुधवार को प्रिया की मां शीला देवी और पिता मांगेराम का डीएनए टेस्ट के लिए नमूना लिया गया।
सजा दिलाने के लिए चंचल कर रहीं पैरवी
मेरठ के परतापुर स्थित भूड़बराल में धोखे का शिकार हुई प्रिया और उसकी बेटी कशिश के हत्यारोपितों को मौत की सजा दिलाने के लिए चंचल चौधरी लगातार कोशिश कर रहीं हैं। मुकदमे की पैरवी के साथ वे फेसबुक, वाट्सएप पर भी हत्यारोपितों को सजा दिलाने और लोगों को जागरूक करने के लिए लगातार अभियान चला रही हैं। मोदीनगर की गोविंद्पुरी स्थित सुदामापुरी कॉलोनी निवासी चंचल चौधरी ने बताया कि आरोपितों को जब तक मौत की सजा नहीं मिल जाती, वे चैन से बैठने वाली नहीं हैं।