श्रीराम ने किया खर-दूषण का वध, हनुमान ने जलाई लंका
कोरोना काल में रामलीला कमेटियों की ओर से रामायण पाठ का आयोजन किया जा रहा है।
मेरठ, जेएनएन। कोरोना काल में रामलीला कमेटियों की ओर से रामायण पाठ का आयोजन किया जा रहा है। श्रृद्धालुओं के लिए सभी रामायण पाठ का लाइव प्रसारण फेसबुक आदि सोशल मीडिया पर किया जा रहा है।
शहर कमेटी : श्रीरामलीला कमेटी मेरठ शहर की ओर से सनातन धर्म मंदिर के प्रांगण में रामायण पाठ का आयोजन किया जा रहा है। गुरुवार को कथा वाचक घनश्याम शर्मा ने खर-दूषण वध, सीता हरण, जटायु उद्धार, शबरी कृपा, सुग्रीव मित्रता व बाली वध का वर्णन किया। गुरुवार को मुख्य अतिथि आरएसएस संपर्क प्रमुख अरुण जिदल रहे। आयोजन में अध्यक्ष शिव कुमार गुप्ता, महामंत्री मनोज माहेश्वरी, कोषाध्यक्ष पंकज ग्रोवर, राकेश गर्ग, जितेंद्र मणि, संजीव गुप्ता व अपार मेहरा आदि का विशेष योगदान रहा।
छावनी कमेटी : श्रीरामलीला कमेटी मेरठ छावनी की ओर से रामायण पाठ में गुरुवार को श्रीराम सेना का समुद्र में पहुंचना, विभीषण का रावण को समझाना, समुद्र पर सेतु का निर्माण, अंगद रावण संवाद आदि प्रसंगों का वर्णन किया गया। कमेटी के पुरोहित आचार्य पंडित हरीश चंद्र जोशी ने पदाधिकारियों के साथ पूजन कराया। कमेटी के अध्यक्ष पवन गर्ग, कोषाध्यक्ष विजय गोयल, महामंत्री गणेश अग्रवाल, लेखा परीक्षक राजेश खन्ना, मुख्य संरक्षक अनिल जैन व मुख्य संयोजक विवेक रस्तोगी आदि का विशेष सहयोग रहा।
जेल चुंगी: जेल चुंगी रामलीला कमेटी की ओर से आयोजित रामकथा में कथा वाचक पंडित अनिल शास्त्री ने गुरुवार को लंका दहन व रामेश्वर धाम की विशेषता का वर्णन किया। प्रसंग के अनुसार, हनुमान ने अशोक वाटिका में माता सीता से भेंट की। हनुमान को पकड़कर रावण के दरबार में ले जाया गया। वहां दोनों के बीच संवाद हुआ। इसके बाद हनुमान ने अपनी पूंछ से लंका में आग लगा दी। उधर, विभीषण भगवान राम की शरण में पहुंचे। वरुण गोयल, गौरीशंकर, प्रसादीलाल, सुरेश बत्रा, अशोक शाक्य व अश्वनी कांबोज आदि का विशेष योगदान रहा।