LIVE Meerut Coronavirus News Update: मेरठ में कोरोना से 24वीं मौत, पीएसी के छह जवानों समेत 12 और पॉजिटिव
Meerut Coronavirus News LIVE Update मुजफ्फरनगर और बागपत में कोरोना से पहली मौत संक्रमित भी मिले। बिजनौर में तीन सहारनपुर में दो और शामली में एक कोरोना पॉजिटिव।
मेरठ, जेएनएन। बुधवार को फिर कोरोना का कहर बरपा। मेरठ में एक और कोरोना पीडि़त की मौत हो गई। 12 नए पॉजिटिव केस मिले। मुजफ्फरनगर और बागपत में भी कोरोना से पहली मौत हुई। मेरठ के सीएमओ डा. राजकुमार ने बताया कि मेडिकल कालेज के कोविड वार्ड में भर्ती सुभाष नगर निवासी 78 वर्षीय महिला की बुधवार को मौत हो गई। यहां मृतक संख्या 24 हो गई है।
12 पॉजिटिव केस मिले हैं इनमें छठी वाहिनी पीएसी के छह जवान हैं। नगर निगम के वार्ड 29 का एक सफाईकर्मी भी संक्रमित मिला है। दो मरीज प्राइवेट अस्पताल धनवंतरि व भगत में भर्ती थे। अन्य में एक केसरगंज मंडी का मरीज है। पॉजिटिव संख्या अब 398 हो गई है।
मुजफ्फरनगर के रहमतनगर निवासी 83 वर्षीय संक्रमित महिला की मौत हो गई। जिले में कोरोना से यह पहली मौत है। यहां 11 पॉजिटिव केस भी मिले। इनमें दस चेन्नई से लौटे कामगार हैं। संख्या 61 हो गई है। बागपत में भी एक कोरोना पीडि़त की दिल्ली के अस्पताल में मौत हो गई। वह ढिकौली का रहने वाला था और कैंसर से भी पीडि़त था। बागपत में कोरोना से यह पहली मौत है। एक युवक संक्रमित मिला। संख्या 30 हो गई है।
सहारनपुर में दो पॉजिटिव केस मिलने से संख्या 220 हो गई है। शामली में महाराष्ट्र से आया कामगार पॉजिटिव मिला। यहां संख्या 34 हो गई है। बिजनौर में भी तीन लोग संक्रमित मिले। संख्या 79 हो गई है।