मोदीपुरम रैपिड-मेट्रो स्टेशन पर किशोर के बैग से मिला जिंदा कारतूस, आरोपित को पुलिस ने लिया हिरासत में
मोदीपुरम रैपिड-मेट्रो स्टेशन पर सुरक्षा जांच के दौरान एक किशोर के बैग से जिंदा कारतूस मिलने से हड़कंप मच गया। ...और पढ़ें

(प्रतीकात्मक फोटो)
HighLights
मोदीपुरम मेट्रो स्टेशन पर किशोर के बैग से मिला जिंदा कारतूस।
सुरक्षा जांच के दौरान हुई बरामदगी, किशोर को हिरासत में लिया।
पल्लवपुरम थाने में मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच पड़ताल जारी।
जागरण संवाददाता, मोदीपुरम (मेरठ)। मोदीपुरम रैपिड-मेट्रो स्टेशन पर सुरक्षा जांच के दौरान एक किशोर के बैग में जिंदा कारतूस मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना पर सुरक्षाकर्मियों ने मामले की जानकारी पल्लवपुरम पुलिस और डायल-112 को दी। किशोर को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई और पल्लवपुरम थाने में केस दर्ज किया गया है।
पल्लवपुरम थाना क्षेत्र में मेरठ-रुड़की हाईवे स्थित मोदीपुरम मेट्रो स्टेशन की सुरक्षा में एसएसएफ पुलिस के अधिकारी व कर्मचारी तैनात हैं। पल्लवपुरम थाने में मोदीपुरम स्टेशन प्रभारी निकिता वर्मा ने दर्ज कराए मुकदमें में बताया कि 15 अगस्त को वे दिन में अपनी ड्यूटी पर थीं। तभी पहली पाली प्रभारी एसएसएफ के दारोगा नितिन मलिक ने सूचना दी कि एक पैसेंजर को पकड़ा है, जिसके बैग की तलाशी लेने पर उसके अंदर से एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ है। पूछताछ में पैसेंजर 17 वर्ष का किशोर है, जो निवासी थाना शाहपुर क्षेत्र मुजफ्फरनगर का रहने वाला है।
बरामद कारतूस के पेंदे पर केएफ 09 5.56 नंबर अंकित है। इस दौरान मौके पर अन्य पैसेंजर की भीड़ जमा हो गई, जिन्हें पुलिस ने वहां से आगे रवाना किया। प्रकरण की सूचना डायल-112 को दी गई, जिस पर पल्लवपुरम पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की। पल्लवपुरम एसओ भरत सारस्वत का कहना है कि स्टेशन प्रभारी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपित नाबालिग है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।
