मेरठ में प्रदर्शनी में दिखी बुद्ध के जीवन और हस्तिनापुर के उत्खनन में मिली सामग्री
बुद्ध पूर्णिमा एवं अंतर्राष्ट्रीय संग्रहालय सप्ताह के अंतर्गत मेरठ में शहीद स्मारक स्थित पर्यटन हॉल में राजकीय स्वतंत्रता संग्राम संग्रहालय एवं भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण मेरठ मंडल की ओर से बुद्ध का जीवन दृश्य विषयक छायाचित्र प्रदर्शनी का आयोजन किया गया।
मेरठ, जागरण संवाददाता। बुद्ध पूर्णिमा एवं अंतर्राष्ट्रीय संग्रहालय सप्ताह के अंतर्गत मेरठ में शहीद स्मारक स्थित पर्यटन हॉल में राजकीय स्वतंत्रता संग्राम संग्रहालय एवं भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण मेरठ मंडल की ओर से बुद्ध का जीवन दृश्य विषयक छायाचित्र प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर गौतम बुद्ध के जन्म से लेकर महापरीनिर्वाण तक के दृश्यों को प्रदर्शनी में दिखाया गया। इसके साथ ही हस्तिनापुर के उत्खनन से प्राप्त पूरावशेषों को भी प्रदर्शित किया गया। छात्र-छात्राओं एवं शहर के लोगों ने इस प्रदर्शनी में भगवान बुध की जीवन यात्रा देखी। इसके साथ ही महाभारत के अहम पड़ाव हस्तिनापुर और उसके इर्द-गिर्द जुड़े वस्तुओं को और उनकी प्रमाणिकता को भी देखा और समझा।
प्रदर्शनी का लोकार्पण मुख्य विकास अधिकारी शशांक चौधरी ने किया। उनके साथ आरजीपीजी कॉलेज के इतिहास विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ अपर्णा वत्स रही। प्रदर्शनी के बारे में उपस्थित छात्र-छात्राओं एवं दर्शकों को संग्रहालय अध्यक्ष पतरू मौर्य और हस्तिनापुर के उत्खनन से प्राप्त कलाकृतियों की जानकारी डॉ. डी वी गड़नायक ने दी।
उन्होंने छात्रों के हर तरह के सवालों का जवाब दिया और उदाहरण स्वरूप विभिन्न बिंदुओं को विस्तार से बताया और समझाया भी। इस अवसर पर सहायक पुरातत्वविद विवेक कुमार, संग्रहालय कर्मी दयाराम सैनी आदि उपस्थित रहे।