बिजनौर में किसान पर गुलदार का हमला, घायल होने पर भी दिखाई हिम्मत, भगाने में रहे सफल
बिजनौर जिले के कई क्षेत्रों में गुलदार का आतंक है। रेहड़ के गांव इमरतपुर में गुलदार ने 55 वर्षीय किसान सुदेश सिंह चौहान पर उनके खेत में हमला बोल दिया। उनके हाथ व मुंह पर पंजों से प्रहार करने लगा। इस दौरान उन्होंने बिना घबराए गुलदार का मुकाबला किया।
बिजनौर, जागरण संवाददाता। इमरतपुर के जंगल में खेतों में काम कर रहे किसान पर गुलदार ने हमला बोल दिया। अप्रत्याशित हमले से घबराने के बजाय किसान ने हिम्मत दिखाते हुए गुलदार से चार मिनट तक संघर्ष किया। खुद को असहाय देख गुलदार भाग निकला। किसान को जख्मी हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद आसपास के गांवों में दहशत है।
खेत में खाद डाल रहे थे किसान
रेहड़ के गांव इमरतपुर निवासी 55 वर्षीय किसान सुदेश सिंह चौहान वर्ष पुत्र घसीटा सिंह सोमवार शाम अपने खेत में खाद डाल रहे थे। करीब पांच बजे अचानक पास के खेत से निकलकर आए एक गुलदार (तेंदुए) ने सुदेश सिंह पर हमला बोल दिया। इससे पहले कि वह संभल पाते, गुलदार ने उनके हाथ और मुंह पर पंजों से प्रहार कर दिया और बाएं हाथ में दांत गड़ा दिए। इसके बावजूद सुदेश ने हिम्मत नहीं हारी और करीब चार मिनट तक गुलदार से संघर्ष करते रहे। उन्होंने गुलदार को गर्दन के पास से जकड़ लिया, जिससे वह असहाय हो गया और खुद को छुड़ाकर जंगल की ओर भाग गया। घायल हुए सुदेश स्वयं ही गांव लौट आए। उन्हें सीएचसी अफजलगढ़ में भर्ती कराया गया। कपिल कुमार, कैलाश सिंह, विनीत कुमार, हेमंत, सुनील, हेमराज, जितेंद्र सिंह आदि ग्रामीणों का कहना है कि एक सप्ताह से गांव के जंगल में गुलदार दिख रहा है। वन विभाग को सूचना दी गई लेकिन कुछ नहीं किया गया।
इन्होंने कहा
किसान पर गुलदार द्वारा हमला किए जाने की सूचना मिली थी। वनकर्मियों को जांच के लिए मौके पर भेजा गया है।
-वीरेंद्र सिंह बोहरा, वन क्षेत्राधिकारी नगीना रेंज
अज्ञात वाहन की टक्कर से वृद्धा की मौत
बिजनौर, जागरण संवाददाता। नेशनल हाईवे 74 पर अज्ञात वाहन की चपेट में आकर एक वृद्धा की मौत हो गई। थाना कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव सिकंदरपुर निवासी 83 वर्षीय चंद्रो देवी पत्नी घसीटा सिंह सोमवार की सुबह लगभग आठ बजे नेशनल हाईवे 74 को पार कर रही थीं। उसी समय अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। चंद्रो देवी की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। मृतका के स्वजन ने पुलिस से कार्यवाही कराने से मना कर दिया।