मेरठ के नौचंदी क्षेत्र में टायर के गोदाम में आग से लाखों का नुकसान, मशक्कत से पाया काबू
नौचंदी थाने के पीछे चूना वाला बाग में टायरों के गोदाम में बुधवार की देररात भयंकर आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। दमकल की आठ गाडिय़ों ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। आग से वहां पर अफरातफरी मच गई।
मेरठ, जेएनएन। मेरठ में नौचंदी थाने के पीछे चूना वाला बाग में टायरों के गोदाम में बुधवार की देररात भयंकर आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। दमकल की आठ गाडिय़ों ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। आग लगने के सही कारणों की जानकारी अभी नहीं हो पाई है। आग से लाखों के टायर जलकर खाक हो गए हैं जबकि तीन गोदामों को सुरक्षित बचा लिया गया।
धुआं देखकर पुलिस को किया सूचित
चूना वाला बाग में इस्लामाबाद के बंटी, जैदीफार्म के कासिफ बदर, शादाब और श्यामनगर के फहीम ने साझेदारी में पुराने टायरों के गोदाम बना रखे है। रोजाना की तरह गोदाम रात नौ बजे बंद हो गए थे। अचानक रात 11 बजे गोदाम से धुआं निकलता देख लोगों ने पुलिस को सूचित किया। जब तक दमकल की गाडिय़ां पहुंचती आग ने बंटी के गोदाम को चपेट में ले लिया था। सीएफओ संतोष राय के मुताबिक दमकल की आठ गाडिय़ों ने बंटी के गोदाम में लगी आग को दो घंटे की मशक्कत के बाद काबू किया। इस बीच आसपास के मकान स्वामी भी घरों को छोड़कर सड़कों पर आ गए थे। इंस्पेक्टर संजय वर्मा ने बताया कि आग से लाखों के टायर जलकर खाक हो गए। टायरों में आग लगने से गोदाम धधक रहा था। समय रहते ही आग पर काबू पाया गया।
अवैध रूप से टायरों को धंधा
थाने के पीछे ही अवैध रूप से टायरों का गोदाम बना रखा है। कालोनी के लोगों का आरोप है कि चोरी के वाहनों से निकलने वाले टायरों को गोदाम में रखा जाता है। कई बार पुलिस इस गोदाम में दबिश भी डाल चुकी है। इंस्पेक्टर नौचंदी का कहना है कि आग बुझाने के बाद पूरे मामले की जांच कराई जाएगी।