Fani Cyclone Effect : तेज हवाएं और बारिश अचानक क्यों बदला मौसम,जानिए तीन कारण
यह संभवत फानी तूफान का ही असर रहा कि शहर सहित पूरे पश्चिम उत्तर प्रदेश के मौसम का मिजाज गुरुवार शाम बदल गया। खेतों मेंं फसलों को भी नुकसान पहुंचा।
मेरठ,जेएनएन। शहर सहित पूरे पश्चिम उत्तर प्रदेश के मौसम का मिजाज गुरुवार शाम बदल गया। हालांकि गर्मी से लोगों को थोड़ी राहत जरूर मिली,लेकिन खेतों में खड़ी गेहूं की फसल पूरी तरह नहीं कटने से किसान बहुत परेशान नजर आए। वहीं बिजली के जाने से कई इलाके अंधेरे में डूबे रहे।
बदलाव के ये तीन कारण
मौसम में हुए बदलाव के तीन कारण मौसम विभाग मान रहा है। पहला,जम्मू-कश्मीर में बना पश्चिमी विक्षोभ। दूसरा, राजस्थान के ऊपर चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। तीसरा,फानी तूफान के कारण हवाओं का रुख बदलकर पूर्वी हो गया है। हवाएं ओडिशा के तट से नमी लेकर उत्तर भारत पहुंचीं। इस कारण ही शाम को तेज हवाएं और बारिश आई। वहीं, शुक्रवार शाम तक आंधी और तेज बारिश आने के आसार हैं। तीनों कारणों से गुरुवार का औसत तापमान 2.6 डिग्री तक गिरा। शुक्रवार को तापमान और गिरने की उम्मीद है।
आज शाम तक चरम पर रहेगा फानी
आज (शुक्रवार) शाम तक फानी तूफान चरम पर रहने की आशंका है। रात को मौसम सामान्य होने की उम्मीद है। फानी तूफान के कारण हवाएं भारी नमी लेकर आ रही हैं। तेज आंधी और बारिश होने से मौसम विज्ञानी कई जगहों पर नुकसान की आशंका भी जता रहे हैं। वहीं,शनिवार को मौसम और तापमान सामान्य रहने की उम्मीद जताई जा रही है।
कई इलाके अंधेरे में घुप
गुरुवार की शाम मौसम ने अचानक करवट बदली। देखते ही देखते रात सवा आठ बजे के करीब तेज हवा ने बिजली के सिस्टम का धड़ाम कर दिया। पलक झपकते ही कई इलाकों में घुप अंधेरा छा गया। तेज हवा के चलते बेगम पुल और आसपास के क्षेत्र में बिजली गुल हो गई। आरटीओ सब स्टेशन से जुड़े मोहल्लों की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। 33 केवी विद्युत लाइन माधवपुरम और टांसपोर्ट नगर में बिजली गुल हो गई।
विद्युत अभियंताओं ने की पेट्रोलिंग
पीवीवीएनएल के नगरीय विद्युत वितरण खंड के अधिशासी अभियंताओं समेत अन्य अभियंताओं ने फौरन पेट्रोलिंग शुरू कराई। पेट्रोलिंग पर निकली टीमों ने अधीक्षण अभियंता को रिपरेट दी कि शहर के सभी नगरीय विद्युत वितरण खंडों को मिलाकर करीब 60 फीसद विद्युत लाइनों में फॉल्ट की स्थिति है। लेकिन इसमें 25 फीसद फॉल्ट तेज हवा थमने के बाद करीब आधे घंटे के भीतर ठीक कर दिए गए। लेकिन माधवपुरम और ट्रांसपोर्ट नगर में विद्युत फॉल्ट खोजने में टीम जुटी रही। लेकिन रात 11 बजे तक उसे कामयाबी नहीं मिली। यह इलाका अंधेरे में डूबा रहा।
बिजली की चपेट में आने से महिला की मौत
सरूरपुर थाना क्षेत्र के हर्रा कस्बा में गुरुवार की देर शाम तेज आवाज के साथ बिजली की चपेट में आने से महिला की मौत हो गई। मौत से परिवार में कोहराम मच गया। हर्रा निवासी हसरती (40) पत्नी जब्बार गुरुवार की शाम मौसम खराब होने पर मकान के आंगन में बंधे मवेशी को अंदर कमरे में बांधने के के लिए गई थी। इसी बीच आसमान से कड़कड़ाती बिजली तेज आवाज के साथ गिरी। वज्रपात से महिला गंभीर रूप से झुलस गई। कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई।
मकान की छत गिरी, आंधी में उड़ गई फसल
मौसम का मिजाज किसानों पर भी भारी पड़ा। तेज आंधी में उनकी खेत में कटी पड़ी गेहूं की फसल भी उड़ कर काफी दूर चली गई। हाईवे पर निर्माण कार्यों के चलते उड़ी धूल ने राहगीरों व आसपास के रहने वाले लोगों और व्यापारियों को काफी परेशान किया। आंधी से फसल काफी दूर तक जा उड़ी। किसान फसल समेटने को खेतों की ओर दौड़ पड़े। पल्लवपुरम थाना क्षेत्र के धंजू गांव में आकाशीय बिजली गिरने से किसान भोजवीर सिंह की छत गिर गई। गनीमत रही कि कोई हताहत नहीं हुआ।