Athletics : 1.79 मीटर की छलांग से छाईं ख्याति, मानशी ने 1.76 मीटर के साथ रजत पर जमाया कब्जा
कोलकाता में आयोजित 91वीं ऑल इंडिया रेलवे एथलेटिक्स चैंपियनशिप में मेरठ की ख्याति माथुर ने महिला हाई जंप में 1.79 ...और पढ़ें

कोलकाता के साल्टलेक साई स्टेडियम में पदक जीतने के बाद पदक के साथ ख्याति माथुर (दाएं) व मानसी। सौ. कोच
HighLights
ख्याति माथुर ने 1.79 मीटर की छलांग से स्वर्ण पदक जीता।
मानसी ने 1.76 मीटर के साथ रजत पदक अपने नाम किया।
जागरण संवाददाता, मेरठ। कोलकाता के साल्टलेक स्थित साई सेंटर चल रही 91वीं आल इंडिया रेलवे एथलेटिक्स चैंपियनशिप-2026 में महिला हाई जंप स्पर्धा का फाइनल रोमांचक रहा। मेरठ की राष्ट्रीय एथलीट ख्याति माथुर ने 1.79 मीटर की छलांग लगाकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं मानसी ने 1.76 मीटर के साथ रजत पदक जीता। दोनों के प्रदर्शन में महज तीन सेंटीमीटर का अंतर रहा, जिससे मुकाबले की कड़ी प्रतिस्पर्धा का अंदाजा लगाया जा सकता है।
प्रतियोगिता का आयोजन ईस्टर्न रेलवे स्पोर्ट्स एसोसिएशन की ओर से कोलकाता में किया जा रहा है। ख्याति माथुर ईस्टर्न रेलवे और मानसी नार्थ सेंटर रेलवे में कार्यरत हैं। इसी प्रतियोगिता की तैयारियों के कारण ही ख्याति माथुर ने दिल्ली में हुई इंडियन एथलेटिक्स के फाइनल सीरीज में हिस्सा नहीं लिया था।
महिला ऊंची कूद के फाइनल में ख्याति माथुर ने शुरुआत से ही बेहतर लय बनाए रखी और 1.79 मीटर की ऊंचाई पार कर शीर्ष स्थान हासिल किया। मानसी ने भी शानदार चुनौती पेश करते हुए 1.76 मीटर की छलांग लगाई, लेकिन तीन सेंटीमीटर के अंतर से उन्हें रजत पदक से संतोष करना पड़ा। ख्याति का यह प्रदर्शन इस साल उनकी निरंतरता को भी दर्शाता है। इससे पहले 2026 फेडरेशन कप में भी उन्होंने महिला हाई जंप में 1.82 मीटर के साथ स्वर्ण पदक जीता था।
दोनों एथलीट कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम में कोच गौरव त्यागी के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण कर रही हैं। फाइनल में ख्याति और मानसी के बीच असली मुकाबला शीर्ष दो स्थानों के लिए रहा। तीसरे स्थान पर रहीं पल्लवी पाटिल ने 1.73 मीटर और चौथे स्थान की अभिनया शेट्टी ने 1.70 मीटर की छलांग लगाई। इसके बाद अन्य एथलीट 1.70 मीटर पर रहीं। ख्याति ने कांस्य पदक विजेता से छह सेंटीमीटर बेहतर प्रदर्शन किया, जबकि मानसी भी उनसे सिर्फ तीन सेंटीमीटर पीछे रहीं।
ख्याति का मौजूदा प्रदर्शन इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि वह राष्ट्रीय स्तर पर लगातार शीर्ष दावेदारों में बनी हुई हैं। इस आल इंडिया रेलवे एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 24 टीमें और करीब 500 एथलीट हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता रविवार 13 सितंबर तक चलेगी।
