विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 25, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

jewar airport : जेवर एयरपोर्ट से 'उड़ान' भरेगा बुलंदशहर का खुर्जा, जानिए कैसे मिलेगा फायदा

By Parveen VashishtaEdited By:
Published: Thu, 25 Nov 2021 06:32 PM (IST)Updated: Thu, 25 Nov 2021 07:11 PM (IST)

jewar airport जेवर से मात्र तीस किलोमीटर दूरी होने का फायदा खुर्जा के पॉटरी उद्योग को मिलेगा। एयरपोर्ट बनने के ...और पढ़ें

जेवर से मात्र तीस किलोमीटर दूरी होने का फायदा खुर्जा के पॉटरी उद्योग को मिलेगा।
जेवर से मात्र तीस किलोमीटर दूरी होने का फायदा खुर्जा के पॉटरी उद्योग को मिलेगा।

बुलंदशहर, जागरण संवाददाता। जेवर में एयरपोर्ट बनने के बाद पॉटरी उद्योग के लिए प्रसिद्ध खुर्जा में देश-विदेश के कारोबारियों का आवागमन आसान हो जाएगा। बाहर से रॉ मैटेरियल भी यहां आसानी से पहुंच सकेगा। ऐसे में पॉटरी उद्योग का विकास होगा। जेवर एयरपोर्ट के शिलान्यास के बाद यहां के कारोबारी गदगद हैं।

देश-विदेश में खास पहचान रखता है खुर्जा का पॉटरी उद्योग

पॉटरी उद्योग के लिए खुर्जा देश के साथ-साथ विदेशों में भी अपनी अलग पहचान रखता है। यहां से बड़ी संख्या में उत्पादों का विदेशों को भी निर्यात होता है। लेकिन यहां आने वाले व्यापारियों को आवागमन में परेशानी होती है। वर्तमान में माल के आयात-निर्यात और आवागमन के लिए दिल्ली एयरपोर्ट ही एक विकल्प है। खुर्जा से दिल्ली एयरपोर्ट की दूरी सौ से अधिक किलोमीटर है। ट्रैफिक जाम जैसी परेशानियों के चलते कारोबारियों को परेशानी होती है, लेकिन करीब तीस किलोमीटर दूर जेवर में एयरपोर्ट बनने के बाद समय की बचत होगी। खुर्जा से जेवर पहुंचने के दो मार्ग भी हैं। साथ ही आवागमन भी आसान हो जाएगा। जिससे पॉटरी उद्योग भी एयरपोर्ट बनने के बाद उड़ान भरने लगेेगा।

रॉ मैटेरियल भी आसानी से पहुंच सकेगा खुर्जा 

जेवर के नजदीक होने का फायदा खुर्जा के पॉटरी उद्योग को मिलेगा। इससे जहां एक तरफ निर्यात को बढ़ावा मिलेगा। वहीं दूसरी तरफ रॉ मैटेरियल भी आसानी से खुर्जा पहुंच सकेगा। निर्यात को बढ़ावा मिलने और रॉ मैटेरियल की आसानी से पहुंचने के कारण उद्योग को चार-चांद लगने लाजमी हैं। जिसको लेकर कारोबारी पूरी तरह से गदगद हैं। उन्हें पूरी उम्मीद है कि पॉटरी उद्योग की नई तरक्की के लिए जेवर एयरपोर्ट मिल का पत्थर साबित होगा।

बोले-पॉटरी कारोबारी....

पॉटरी उद्योग का एयरपोर्ट को फायदा मिलेगा। आने-जाने में होने वाली परेशानी कम होगी। निर्यात को बढ़ावा मिलेगा। जिससे उद्योग को चार-चांद लगने की पूरी उम्मीद है। क्योंकि जेवर से नजदीक होने का फायदा सीधा यहां के कारोबारियों को मिलेगा।

-दर्शन छतवाल।

एयरपोर्ट खुर्जा के लिए बहुत बड़ी उपलब्धि है। पॉटरी उद्योग का व्यापार काफी बढऩे की उम्मीदें जाग गई हैं। इससे नए उद्योगों के क्षेत्र में आने की उम्मीद भी जाग गई है। पॉटरी उत्पादों को बाहर भेजना भी एयरपोर्ट बनने के बाद आसान हो जाएगा।

--निखिल पौद्दार, पूर्व सचिव, केपीएमए।

पॉटरी उद्योग के लिए बड़े ही गौरव की बात है। निश्चित रूप से खुर्जा के पॉटरी उद्योग को उड़ान मिलेगी और इससे व्यापार में भी इजाफा होगा। रॉ मैटेरियल की आपूर्ति आसान से मिलेगी और निर्यात को भी काफी बढ़ावा एयरपोर्ट से मिलेगा।

--राजीव बंसल।

एयरपोर्ट बनने के बाद विदेशी व्यापारी भी आसानी से यहां पहुंचकर उत्पादों को देख सकेंगी। साथ ही देश के किसी भी कोने में और विदेशों में पॉटरी उत्पाद के सैंपल भेजने काफी आसान हो जाएंगे। जिससे उद्योग को निश्चित तौर पर बढ़ावा मिलेगा।

--संजय गुप्ता रामा, सचिव, केपीएमए खुर्जा पॉटरी मैन्यूफैक्चर्स एसोसिएशन।