महोत्सव खादी का, चिंता सेहत की! प्रदर्शनी में विभिन्न बीमारियों से बचाव के टिप्स दे रहे स्टाल संचालक
मेरठ में आयोजित खादी महोत्सव और प्रदर्शनी में खादी फैशन शो, मोमबत्ती बनाने की कार्यशाला और विभिन्न स्टॉल लगाए गए। ...और पढ़ें

पीएमश्री राजकीय इंटर कालेज के मैदान में आयोजित खादी महोत्सव प्रदर्शनी में हाथरस के स्टाल पर मौजूद पांच देशों का हींग व आयुर्वेदिक दवाओं की जानकारी देते कानपुर के ज्वाला ग्रामोद्योग सेवाश्रम के संचालक। जागरण
HighLights
खादी महोत्सव में खादी के परिधानों का फैशन शो आयोजित हुआ।
प्रदर्शनी में विभिन्न बीमारियों से बचाव के आयुर्वेदिक टिप्स दिए गए।
जागरण संवाददाता, मेरठ। पीएम श्री राजकीय इंटर कालेज के मैदान में आयोजित खादी महोत्सव और प्रदर्शनी में गुरुवार को फैशन शो में माडलों ने खादी के परिधानों को पहनकर रैंपवाक किया। कार्यशाला में मोमबत्ती बनाना सिखाया गया। प्रदर्शनी में हाथरस से आए स्टाल पर उपलब्ध पांच देशों के असली हींग महक बिखेर रही है। खादी महोत्सव में जहां खादी के कपड़ों की विभिन्न वैरायटी मौजूद हैं, वहीं प्रदर्शनी में मोटापा, शुगर, कोलेस्ट्राल, पथरी समेत तमाम बीमारियों के इलाज और बचाव की आयुर्वेदिक दवाइयां उपलब्ध हैं। स्टाल पर मौजूद संचालक लोगों को विभिन्न रोगों से बचाव के टिप्स भी दे रहे हैं।
खादी महोत्सव और प्रदर्शनी में इस बार भी हाथरस के यर्ष ग्रामोद्योग संस्थान का स्टाल लगा है। जिसपर पांच देशों तजाकिस्तान, कजाकिस्तान, उज्बेकिस्तान, अफगानिस्तान और तुर्कमेनिस्तान का हींग उपलब्ध है। संचालक कमलकांत दीक्षित ने बताया कि खादी ग्रामोद्योग में देश भर में उनकी संस्था इकलौती है जो इन पांच हींग उत्पादक देशों से हींग मंगाकर उसे प्रोसेस करती है। बड़ी-बड़ी कंपनियों को वे हींग की आपूर्ति करते हैं।
मेरठ में वह तीन साल से स्टाल लगा रहे हैं। अब यहां भी उन्हें कई हजार ग्राहक हैं जो उनसे आनलाइन हींग मंगाते हैं। प्रदर्शनी में कानपुर की ज्वाला ग्रामोद्योग सेवाश्रम के स्टाल पर मोटापा, शुगर, कोलेस्ट्राल, पथरी समेत तमाम बीमारियों के इलाज और बचाव की आयुर्वेदिक दवाइयां उपलब्ध हैं। संचालक पंकज अवस्थी ने बताया कि वे यहां सात साल से स्टाल लगा रहे हैं। उनकी दवाओं की खासी मांग है।
गुरुवार को प्रदर्शनी में कृषि विश्वविद्यालय मोदीपुरम की प्रोफेसर रश्मि ने कार्यशाला में आम जनता को मोमबत्ती बनाना सिखाया। इसके माध्यम से उन्होंने स्वरोजगार की अपील की। शाम छह बजे प्रदर्शनी में खादी फैशन शो आयोजित हुआ। जिसमें दिल्ली और आगरा की माडल के साथ स्थानीय प्रतिभागी भी शामिल रहे। उन्होंने खादी के परिधानों को आधुनिक अंदाज में पेश किया। मुख्य अतिथि राज्य महिला आयोग की सदस्य डा. मीनाक्षी भराला रहीं।
