दंपती ने निगला जहर, पत्नी की मौत-पति गंभीर
मेरठ, जेएनएन। कंकरखेड़ा की एक बेटी की जानी क्षेत्र के भोला गांव ससुराल में जहरीला पदार्थ निगलने से मौत हो गई। घरेलू विवाद में दंपती ने सोमवार देर रात जहरीला पदार्थ निगल लिया था। दोनों को रोहटा रोड स्थित रीटा नर्सिंग होम में भर्ती कराया, उपचार के दौरान विवाहिता की मौत हो गई, वहीं पति की गंभीर स्थिति बनी है। सूचना पर जानी पुलिस के अलावा मायके वालों की सूचना पर कंकरखेड़ा थाने से भी पुलिस नर्सिंग होम पहुंची और जानकारी की। मृतका के स्वजन ने ससुरालियों पर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया, उनका रो रोकर बुरा हाल है।
कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र में हाईवे-58 स्थित डाबका गांव निवासी सीमा पुत्री ओमप्रकाश की शादी करीब छह माह पूर्व जानी थाना क्षेत्र में भोला गांव निवासी परविंदर पुत्र दयाराम से हुई थी। परविंदर प्राइवेट कंपनी में कार्यरत है। आरोप है कि शादी में कम दहेज लाने को लेकर पति और ससुराल पक्ष के लोग सीमा को प्रताड़ित करने लगे थे। शादी के बाद से ही घरेलू बातों पर झगड़े होने लगे। दोनों पक्षों के लोगों में कई बार पंचायत भी हुई, मगर बात नहीं बनी। कुछ दिन पहले ही सीमा मायके से ससुराल गई थी। जहां दंपती में फिर झगड़े शुरू हो गए। बताया जाता है कि सोमवार रात दंपति ने जहरीला पदार्थ निगल लिया। दोनों को स्वजन ने भोला गांव से रोहटा रोड पर रीटा नर्सिंग होम में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान विवाहिता की मौत हो गई। पति की स्थिति गंभीर बताई है।
दंपती में कम होते थे झगड़े, सास ने लगाई थी बेटे-बहू को डांट
पुलिस की मानें तो घर में झगड़े होने की वजह से परविंदर पत्नी सीमा को लेकर अपनी बुआ के गांव पांच दिन पूर्व गया था। अपने स्वजन से परमिंदर दो दिन बाद आने की बात कहकर गया था, मगर पांच दिन बीत चुके थे। सोमवार शाम दंपती वापस भोला गांव पहुंचे, जहां कई दिन बाद वापस आने को लेकर सास ने बेटे-बहू को डांट लगाई थी। रात नौ बजे के बाद दंपती अपने कमरे में सोने चले गए। जहां देर रात उन्होंने जहरीला पदार्थ निगल लिया।
पति समेत तीन पर मुकदमा दर्ज
संवाद सूत्र, जानी खुर्द : मृतका सीमा के पिता ओमप्रकाश ने तहरीर में आरोप लगाया कि दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर ससुराल पक्ष के लोग सीमा का उत्पीड़न करते थे। मांग पूरी नहीं होने पर सीमा के आरोपित पति प्रवेन्द्र, ससुर दयाराम व सास बबली ने उसको जहरीला पदार्थ खिला दिया। जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने प्रवेन्द्र, दयाराम व बबली के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। जानी थाने के इंस्पेक्टर संजय वर्मा ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया है। जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार किया जाएगा।