देश में अपराध नियंत्रण का माडल बना कैराना : जफर
पश्चिम उप्र में पहले चरण के चुनाव के बीच गृहमंत्री अमित शाह के कैराना दौरे के बड़े मायने हैं। राज्यसभा सदस्य एवं राष्ट्रीय प्रवक्ता जफर इस्लाम ने रविवार को मीडिया सेंटर के शुभारंभ के दौरान कहा कि कैराना के जरिए भाजपा सरकार ने देश के सामने अपराध नियंत्रण एवं कानून का राज कायम करने का माडल पेश किया है।
मेरठ, जेएनएन। पश्चिम उप्र में पहले चरण के चुनाव के बीच गृहमंत्री अमित शाह के कैराना दौरे के बड़े मायने हैं। राज्यसभा सदस्य एवं राष्ट्रीय प्रवक्ता जफर इस्लाम ने रविवार को मीडिया सेंटर के शुभारंभ के दौरान कहा कि कैराना के जरिए भाजपा सरकार ने देश के सामने अपराध नियंत्रण एवं कानून का राज कायम करने का माडल पेश किया है। जफर ने कहा कि पश्चिम उप्र में पार्टी को 2017 से भी बड़ी जीत मिलेगी।
चौ. चरण सिंह विवि रोड पर बने मीडिया सेंटर में जफर इस्लाम, राष्ट्रीय प्रवक्ता गोपाल कृष्ण अग्रवाल एवं प्रदेश प्रवक्ता आलोक अवस्थी ने पत्रकार वार्ता की। भाजपा के लिए कैराना इतना जरूरी क्यों है? इस सवाल पर जफर ने कहा कि वहां पलायन कराने वालों को उखाड़ फेंका गया। कानून का राज कायम होने से वहां रौनक बहाल हुई है।
सांसद राजेंद्र अग्रवाल ने कहा कि पश्चिम उप्र में मोदी-योगी सरकार ने अभूतपूर्व विकास किया है। मेरठ में मेट्रो रेल एवं गंगा एक्सप्रेस-वे जैसे बड़े काम हुए हैं। राष्ट्रीय प्रवक्ता गोपाल कृष्ण अग्रवाल ने 2014 से देश और 2017 से प्रदेश में बढ़ती आर्थिक ताकत का आंकड़ा पेश किया। प्रदेश प्रवक्ता आलोक अवस्थी ने कहा कि चुनाव तक मीडिया सेंटर में नियमित प्रेस वार्ता होगी। पार्टी के इंटरनेट मीडिया सेल के लिए भी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
इस दौरान जिलाध्यक्ष विमल शर्मा, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी गजेंद्र शर्मा, मनोज यादव, नरेंद्र उपाध्याय, आशीष सिंह, कुलदीप तोमर एवं नितिन शर्मा समेत आदि उपस्थित थे।
- - - - - - - - - - - - - - - -