गोपनीय बैठक में पश्चिम यूपी को ये चुनावी होमवर्क देकर एटा पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा
UP Assembly Elections 2022 पश्चिम यूपी के बूथों को मथने के बाद रविवार सुबह 10 बजे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा एटा के लिए रवाना हो गए। उन्होंने क्षेत्रीय चुनाव संचालन समिति के साथ गोपनीय बैठक पर पश्चिम यूपी की चुनावी रणनीति को अंतिम रूप दिया।
मेरठ, जेएनएन। पश्चिम यूपी के बूथों को मथने के बाद रविवार सुबह 10 बजे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा एटा के लिए रवाना हो गए। उन्होंने क्षेत्रीय चुनाव संचालन समिति के साथ गोपनीय बैठक पर पश्चिम यूपी की चुनावी रणनीति को अंतिम रूप दिया। माना जा रहा है कि पार्टी इसी लाइन लेंथ पर विस चुनाव लड़ेगी। जेपी नड्डा ने शनिवार दोपहर 22 हजार बूथ अध्यक्षों के साथ बैठक करते हुए शाम को जिला प्रभारियों के साथ भी मंथन किया।
उन्होंने 71 विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी की तैयारियों को परखा। साथ ही संदेश दिया कि पार्टी कैराना पलायन, मुजफ्फरनगर दंगा, कानून व्यवस्था और कावड़ यात्रा के मसलों को उठाती रहेगी। नड्डा ने शनिवार रात आठ बजे चुनाव संचालन समिति के साथ बंद कमरे में बैठक की, जिसमें प्रदेश प्रभारी राधा मोहन सिंह, प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव, प्रदेश सह संगठन महामंत्री कर्मवीर, क्षेत्रीय अध्यक्ष मोहित बेनीवाल, क्षेत्रीय प्रभारी जेपीएस राठौड़, चुनाव प्रभारी कैप्टेन अभिमन्यु और अन्य उपस्थित रहे। इसके बाद रात में नड्डा ने निजी होटल में प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव और क्षेत्रीय अध्यक्ष मोहित बेनीवाल के साथ बैठक की।
रविवार सुबह नड्डा ने महानगर अध्यक्ष मुकेश सिंघल, जिलाध्यक्ष विमल शर्मा से चुनावी तैयारियों की रिपोर्ट ली। सुबह करीब पौने 10 बजे कैबिनेट मंत्री चौधरी भूपेंद्र सिंह ने नड्डा से मुलाकात की। सांसद राजेन्द्र अग्रवाल समेत कई अन्य भी राष्ट्रीय अध्यक्ष से मिले। नड्डा सुबह दस बजे हेलिकॉप्टर से प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह के साथ एटा रवाना हो गए, जहां वो सीएम योगी के साथ एक सम्मेलन को सम्बोधित करेंगे।