टोल प्लाजा पर जाम, विधायक का काफिला भी फंसा
सिवाया टोल प्लाजा और हाईवे पर कई जगह रविवार के चलते भीषण जाम लगा। टोल के जाम में दौराला से मेरठ की ओर जा रहे सरधना विधायक का काफिला भी फंस गया।
मेरठ, जेएनएन। सिवाया टोल प्लाजा और हाईवे पर कई जगह रविवार के चलते भीषण जाम लगा। टोल के जाम में दौराला से मेरठ की ओर जा रहे सरधना विधायक का काफिला भी फंस गया। जिसके बाद टोल कर्मचारियों ने विधायक के काफिले की गाड़ियों को जाम से निकलवाकर दौराला जाने वाले फास्टैग की लेन से मेरठ को रवाना किया।
दरअसल, प्रत्येक शनिवार और रविवार को हाईवे पर जाम लगना आम है। दिल्ली एनसीआर के शहरों में रहने वाले अधिकांश लोग अपने परिजनों संग उत्तराखंड की वादियों में शनिवार को सैर सपाटे पर निकल जाते हैं। रविवार दोपहर से ये सैलानी वापसी करते हैं। जिसके चलते हाईवे पर अन्य दिनों की अपेक्षा शनिवार और रविवार को वाहनों की संख्या में बीस प्रतिशत तक का इजाफा होता है। रविवार को दौराला की ओर से सरधना विधायक ठा.संगीत सोम के काफिले की आधा दर्जन से अधिक गाड़ियां टोल पर लगे जाम में फंस गई। कैश की लेन में आधा किमी लंबा जाम था, जबकि फास्टैग की लेन में भी वाहनों की संख्या अधिक थी। विधायक का काफिला जाम में फंसा देख टोलकर्मियों ने वहां से निकलवाकर मेरठ से दौराला जाने वाली फास्टैग की लेन से मेरठ की ओर रवाना किया। टोल के अलावा हाईवे पर निर्माणधीन पल्हैड़ा चौक पर निर्माणाधीन फ्लाईओवर के दोनों तरफ हाईवे का ट्रैफिक सर्विस लेन पर डायवर्ट करने के चलते जाम लग गया। जल्दी निकलने के चक्कर में पल्लवपुरम फेज-दो और एक से जो वाहन कालोनी के रास्ते में पहुंचे तो वहां भी जाम लग गया। पल्लवपुरम पुलिस ने किसी तरह जाम खुलवाकर वाहनेां को निकलवाया।
इनका कहना है
शनिवार और रविवार को सैलानियों के वाहनों की वजह से टोल और हाईवे पर जगह-जगह जाम लगता है। विधायक के काफिले को खाली लेन से निकाला दिया गया।
राजीव कुमार, मैनेजर-मार्कोलाइन कंपनी, टोल प्लाजा।