युवतियों को शादी के लिए व्यापारी नहीं, स्मार्ट पैकेज वाला नौकरीपेशा जीवनसाथी पसंद, वर्कफ्राम होम वाला भी लिस्ट में नहीं!
जैन मिलन महावीर ने मेरठ में युवक-युवती परिचय सम्मेलन आयोजित किया, जिसमें नौकरीपेशा लड़कों को व्यापारियों पर तरजीह दी गई। ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
मेरठ में जैन मिलन महावीर ने युवक-युवती परिचय सम्मेलन का आयोजन किया।
युवक-युवती परिचय सम्मेलन में नौकरीपेशा लड़कों को मिली प्राथमिकता।
11 एमबीबीएस-एमडी लड़कियों के मुकाबले में केवल पांच लड़के समकक्ष आए।
जागरण संवाददाता, मेरठ। जैन मिलन महावीर ने रविवार को युवक-युवती परिचय सम्मेलन का आयोजन किया गया। दिल्ली रोड जगदीश मंडप में पारिवारिक पृष्ठभूमि और नौकरी के मामले में लड़कियां बाजी मारती नजर आई। सबसे मुख्य ट्रेंड यह रहा कि व्यापार के मुकाबले लड़कियां व उनके स्वजन नौकरी को तरजीह दे रहे हैं। यहां तक वर्क फ्राम होम वाला भी उनकी पसंद की सूची में नहीं है।
27 रिश्तों के बीच सहमति बनी वहीं 82 ने बातचीत को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया। सम्मेलन में आसपास के जनपदों के अलावा दिल्ली, हरियाणा, लखनऊ, जयपुर और ग्वालियर से लोग आए। 422 युवतियों और 529 युवकों ने पंजीकरण कराया। उद्घाटन अजय जैन और राजीव जैन ने किया।
संस्था के संस्थापक बिलाश चंद्र जैन ने बताया कि 11 लड़कियां एमबीबीएस और एमडी थी, उनके मुकाबले केवल पांच लड़के ही एमबीबीएस और एमडी आए। बिलाश चंद्र जैन ने कहा कई लड़कियों के माता-पिता ने कहा कि वह शादी में दो करोड़ खर्च करेंगे, ऐसे में लड़के के परिवारजन भी इतना करें।
अध्यक्ष संजय जैन ने बताया कि बड़ी संख्या में सराफा कारोबार से जुड़ी परिवार आए जिनकी लड़कियां नौकरी कर रही हैं, उन्हें नौकरी वाले युवक की मांग की। एक अन्य ट्रेंड भी देखा गया कि लड़कियों कम उम्र में ज्यादा बड़ा पैकेज हासिल कर रही हैं, जबकि लड़के पांच साल के बाद वही पैकेज पा रहे हैं। इसके चलते भी कई रिश्ते नहीं हो पाए।
पांच साल बड़े लड़के से विवाह करने में लड़कियों के माता-पिता तैयार नहीं थे। सम्मेलन में 14 लड़कियां सीए थीं। वहीं लड़कों में अधिकांश इंजीनियर थे। बिलाश चंद ने बताया कि समाज के युवक युवतियों के विवाह के लिए संस्था बिना किसी शुल्क के लिए कार्य कर रही है। जीतेंद्र जैन, राजीव जैन, अजय जैन, वैभव जैन, मनीष जैन आदि मौजूद रहे।
