Fitness Mantra: इस दौर में खुद को फिट रखना भी है जरूरी, साइकिलिंग करें या खेले बैडमिंटन
मेरठ में शास्त्रीनगर के रहने वाले अनुज शर्मा कोविड से पहले सुबह साइकिल की सैर पर निकलते थे। इसके लिए उन्होंने द वाकर्स क्लब भी बनाया था। इसमें सदस्य एक साथ साइकिल लेकर निकलते थे। खुद को फिट रखने के लिए सुबह सैर करना जरूरी है।
मेरठ, जेएनएन। Fitness Mantra करीब नौ महीने हो गए है, कोविड के डर के बीच जीवन की गाड़ी चलनी शुरू हो गई है। इस वायरस से लड़ने के लिए लोग अपनी रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के साथ, शुगर, ब्लड प्रेशर आदि से बचने के लिए जल्दी सो रहे हैं तो सुबह जल्दी उठ रहे हैं। कोविड के चलते लोगों का पार्क में घूमना कम हुआ था, लेकिन धीरे- धीरे अब लोग पार्क में दिख रहे हैं। हालांकि अभी भी बहुत से अपने घरों की छत पर तो आसपास में सुबह टहलने के लिए निकल रहे हैं।
काफी फायदा मिला
मेरठ में शास्त्रीनगर के रहने वाले अनुज शर्मा कोविड से पहले सुबह साइकिल की सैर पर निकलते थे। इसके लिए उन्होंने द वाकर्स क्लब भी बनाया था। इसमें सदस्य एक साथ साइकिल लेकर निकलते थे। कोविड क्या आया उनकी साइकिल की सवारी रुक गई। अनुज शर्मा बताते हैं कि पूरे कोविड में सभी लोग अपने घर पर एक्साइज करते रहे। साथ बैडमिंटन खेलना भी शुरू किया है। इससे काफी फायदा मिला है।
सुबह की शुरुआत पांच बजे से
अनुज शर्मा बताते हैं कि दिन की शुरुआत सुबह पांच बजे हो जाती है। चौधरी चरण सिंह विवि के सामने शटलर एकेडमी है। जहां वह अपनी बेटी आस्था को बैडमिंटन सिखाने लेकर जाते हैं। बेटी के साथ उन्होंने भी सुबह बैडमिंटन खेलनी शुरू कर दी। शुरुआत में एक गेम में थक जाता था। दम फूलने लगता था। लेकिन लगातार सुबह उठने और बैडमिंटन का अभ्यास करने से सांस लेने की क्षमता काफी बढ़ गई। अब चार गेम खेलने के बाद भी स्थिति सामान्य रहती है। ब्लड प्रेशर, मधुमेह जैसी समस्या भी दूर हो गई।
शारीरिक एक्साइज जरूरी है
सुबह उठना और एक्साइज करना सेहत के लिए जरूरी है। इसके लिए अगर आप सुबह कोई गेम भी खेलते हैं तो भी खुद को फिट रहते हुए बीमारियों से बच सकते हैं। अभी चौधरी चरण सिंह विवि परिसर में मार्निंग वाक करने वालों को आने की अनुमति नहीं मिली है। पहले बहुत से लोग सुबह विवि में जाकर बैडमिंटन खेलते रहते थे। इसमें से कुछ लोग मंगलपांडेय नगर स्थिति शटलर एकेडमी में भी सेहत के लिए बैडमिंटन खेलने के लिए पहुंच रहे हैं। साथ ही वहां बैडमिंटन की तकनीकी भी सीख रहे हैं।