विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मेरठ में खौफनाक वारदात: चलती स्कूटी से महिला को गिराकर 11 तोले सोने की 'यादगार' चेन लूटी, जान से मारने की दी धमकी 

By Sanjeev Kumar Jain Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Wed, 30 Sep 2026 02:30 PM (GMT+05:30)

Meerut News: मेरठ में बदमाशों ने एक उद्यमी की पत्नी को चलती स्कूटी से गिराकर उनके गले से चेन झपट ली, जिससे महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं।

प्रतीकात्मक फोटो

प्रतीकात्मक फोटो

HighLights

  1. स्कूटी पर सवार होकर घर लौट रहा था दंपती।

  2. मेरठ पुलिस ने बदमाशों की तलाश शुरू की।

जागरण संवाददाता, मेरठ। स्कूटी सवार बदमाशों ने बागपत रोड पर एक उद्यमी की पत्नी के साथ दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दे दिया। चलती स्कूटी से महिला को सड़क पर गिरा दिया और गले में पड़ी चेन झपटकर तोड़ ली। महिला सड़क पर काफी दूर तक घिसटती चली गई। उनके सिर, हाथ और पैर पर गंभीर चोटें आई हैं।

लूट के बाद उद्यमी ने स्कूटी से बदमाशों का पीछा किया लेकिन तमंचा दिखाकर गोली मारने की धमकी देते हुए बदमाश फरार हो गए। सीसीटीवी फुटेज में बदमाश सफेद रंग की स्कूटी में जाते हुए दिख रहे हैं।

उद्यमी शशि कुमार गुप्ता बागपत रोड पर चित्रकूट एन्क्लेव कालोनी में रहते हैं। मोहकमपुर में उनकी शशि पैकेजिंग के नाम से फैक्ट्री है। वह मंगलवार को पत्नी पिंकी गुप्ता के साथ दिल्ली रोड स्थित वीनस गार्डन में चल रहे सत्संग में हिस्सा लेने गए थे।

सत्संग समाप्त होने के बाद रात करीब दस बजे स्कूटी से घर लौट रहे थे। बागपत रोड स्थित ऋषिनगर कालोनी के समीप रेनबो किड्स स्कूल के पास पीछे से सफेद रंग की स्कूटी पर सवार होकर दो बदमाश आए और स्कूटी में पीछे बैठीं पिंकी गुप्ता को धक्का दे दिया।

चलती स्कूटी से पिंकी गुप्ता सड़क पर गिरकर काफी दूर तक घिसटती चली गईं। उसके बाद बदमाश उनके गले से चेन छीन लिया। साहस जुटाकर शशि कुमार गुप्ता ने बदमाशों का पीछा किया लेकिन उन्होंने तमंचा दिखाकर गोली मारने की धमकी दी तो वह रुक गए।

इसके बाद बदमाश स्कूटी से फरार हो गए। तत्काल ही शशि कुमार ने बेटे अंकित को फोन पर घटना की सूचना दी। अंकित परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने तत्काल ही मामले की सूचना पुलिस को दी। इंस्पेक्टर अरुण मिश्रा पुलिस बल के साथ पहुंचे और महिला को उपचार के लिए अस्पताल ले गए।

अंकित ने बताया कि हाथ, पैर और सिर में चोट लगी हुई है। बुधवार को सीटी स्कैन कराया जाएगा। लूट की घटना के बाद पुलिस की टीमों ने सीसीटीवी की पड़ताल की। पता चला कि बागपत रोड पहुंचने पर ही स्कूटी सवार बदमाश दंपती के पीछे लगे थे।

एसपी सिटी विनायक भोसले ने बताया कि टीपी नगर थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सफेद स्कूटी सवार बदमाशों की धरपकड़ के लिए दो टीमें लगाई गई हैं। बदमाश चेन छीनने के बाद बागपत फ्लाइओवर की तरफ से भागे हैं।

शादी में शशि गुप्ता ने पत्नी को गिफ्ट की थी चेन

शशि गुप्ता ने पत्नी पिंकी गुप्ता को यह चेन शादी के समय गिफ्ट की थी। अंकित का कहना है कि मम्मी-पापा के लिए 11 तोले की चेन महज आभूषण नहीं थे, बल्कि शादी की एक यादगार के रूप में थी। यही कारण है कि घटना से मम्मी-पापा दोनों ही काफी आहत हैं। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि वह चेन को बरामद करेगी।

लूट से पहले ऋषिनगर के समीप शराब के ठेके पर खड़े थे बदमाश

उद्यमी की पत्नी पिंकी गुप्ता से चेन लूटने से पहले बदमाश ऋषिनगर के समीप शराब के ठेके पर मौजूद थे। यदि पुलिस गश्त पर होती, तो शायद बदमाश ऐसा दुस्साहस नहीं कर पाते। फुटेज में स्पष्ट है कि बदमाशों ने उम्रदराज महिला को निशाना बनाया। लूट के बाद बदमाश हाईवे की तरफ से निकल गए हैं।

बदमाशों के आने और जाने वाले दोनों रास्तों पर टीम लगी हुई है। उद्यमी के परिवार ने बताया कि उनके साथ इस प्रकार की यह पहली घटना है, जिससे पूरा परिवार सहमा हुआ है।