भाजपा नेता की बहन पर अभद्र टिप्पणी, थाना पर बखेड़ा
फेसबुक पर भाजपा नेता की बहन पर पुजारी के अभद्र टिप्पणी करने पर मंदिर से लेकर थाने तक करीब चार घंटे बखेड़ा हुआ।
मेरठ,जेएनएन। फेसबुक पर भाजपा नेता की बहन पर पुजारी के अभद्र टिप्पणी करने पर मंदिर से लेकर थाने तक करीब चार घंटे बखेड़ा हुआ। पुजारी का पक्ष लेने वाले आरोपित भाजपा कार्यकर्ता राहुल ने थाने के दारोगा से भी अभद्रता की। पुजारी समेत भाजपा कार्यकर्ता और उसके चाचा को पुलिस ने थाने में बैठा लिया। दोनों पक्ष भाजपा से जुड़े थे, लिहाजा रात साढ़े दस बजे दोनों ने आपस में समझौता कर लिया।
भाजपा नेता ने जन्मदिन पर अपने परिवार और साथियों के साथ फोटो खिंचाई, जो फोटो फेसबुक पर शेयर की गई। फोटो पर एक मंदिर के पुजारी राजेंद्र प्रसाद ने अभद्र टिप्पणी कर दी। उसके बाद भाजपा नेता की बहन एक महिला के साथ पुजारी की शिकायत करने मंदिर चली गई, जहां पर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। दोनों महिलाओं के साथ भी पुजारी ने भाजपा कार्यकर्ता राहुल और उसके चाचा कुलदीप के साथ मिलकर अभद्रता कर दी। इसी बीच भाजपा नेता भी मौके पर पहुंच गई।
नौचंदी पुलिस को मौके पर बुलाया और राहुल, कुलदीप, तथा पुजारी राजेंद्र को लेकर पुलिस थाने आ गई, जहां पर राहुल ने थाने के दारोगा के साथ अभद्रता कर दी। उसके बाद दारोगा ने राहुल और राजेंद्र प्रसाद को थाने के अंदर ऑफिस में बैठा दिया। तभी भाजपा के एक विधायक की कॉल आने के बाद राहुल को छोड़ दिया। उसके बाद महिला भाजपा नेता ने थाने पर हंगामा कर दिया। दोबारा से पुलिस राहुल और उसके चाचा कुलदीप को थाने ले आई। बाद में राहुल और कुलदीप ने महिला भाजपा नेता से माफी मांगी। पहले राहुल और कुलदीप को छोड़ दिया गया। उसके बाद फिर पंडित राजेंद्र प्रसाद ने भी माफी मांगी उन्हें भी छोड़ दिया। इंस्पेक्टर तपेश्वर सागर का कहना है कि पहले महिला ने तहरीर दी थी। थाने में पहुंचकर दोनों पक्षों में समझौता हो गया।