उम्मीदें 2021 : इस उम्र में बच्चे खेलकूद में रहते हैं व्यस्त, पर मेरठ के सावन जगा रहे पर्यावरण संरक्षण की अलख
स्कूल की जिस उम्र में बच्चे खेलकूद कंप्यूटर व गेमिंग का शौक रखने लगे हैं। उस आयु में मेरठ के सावन कन्नौजिया ने पर्यावरण संरक्षण के लिए 14 वर्ष की उम्र में एनवायरमेंट क्लब के नाम से ग्रुप बनाया और पर्यावरण संरक्षण के लिए काम शुरु किया है।
[विनय विश्वकर्मा] मेरठ। स्कूल की जिस उम्र में बच्चे खेलकूद, कंप्यूटर व गेमिंग का शौक रखने लगे हैं। उस आयु में रोहटा रोड फाजलपुर निवासी सावन कन्नौजिया ने पर्यावरण संरक्षण की सामाजिक जिम्मेदारी ठान ली थी। कक्षा नौ में 14 वर्ष के सावन ने एनवायरमेंट क्लब के नाम से एक ग्रुप बनाया और पर्यावरण संरक्षण के लिए जागरूक करने का काम शुरू कर दिया। सावन ने अपने दो सहपाठियों प्रतीक शर्मा व विराट गुलाटी के साथ एनवायरमेंट क्लब की स्थापना की।
वक्त बीता तो कारवां बढ़ता गया और आज 25 सदस्य एनवायरमेंट क्लब में सक्रिय तौर पर जुड़े चुके हैं। सावन कन्नौजिया अपनी पूरी टीम के साथ मेरठ समेत कई शहरों में जाकर नुक्कड़ नाटक के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दे रहे हैं। सावन कन्नौजिया फिलहाल, चौ. चरण सिंह विश्वविद्यालय परिसर से स्नातक कर रहे हैं। उन्होंने 14 वर्ष की उम्र से ही पर्यावरण संरक्षण की अलख जगानी शुरू कर दी थी।
जुलाई से सितंबर तक करते हैं पौधरोपण: एनवायरमेंट क्लब के 19 वर्षीय सावन कन्नौजिया ने बताया कि वह अपनी पूरी टीम के साथ प्रति वर्ष जुलाई से सितंबर तक पौधरोपण अभियान चलाते हैं। चलों मिलकर पौधा रोपें नाम से अभियान में वह स्कूल, कालेज, गांव और सड़क किनारे पौधे रोपने का काम करते हैं। सावन अपने क्लब के साथ स्वयं की व्यवस्था से करीब 5 हजार पौधे रोप चुके हैं।
गंगा यात्र के दौरान किए नुक्कड़ नाटक: सावन कन्नौजिया बताते हैं कि उप्र सरकार की गंगा यात्र के दौरान उन्होंने हस्तिनापुर क्षेत्र के आठ गांवों में जाकर अपनी पूरी टीम के साथ नुक्कड़ नाटक किया। उन्होंने नुक्कड़ नाटक से पर्यावरण के प्रति जागरूक किया। उन्होंने ग्रामीणों को बताया कि पेड़-पौधे प्रकृति का मूल स्वरूप हैं। यदि इनका दोहन होगा तो मानव जीवन भी मुसीबत में आ जाएगा।
दो स्कूलों को गोद लेकर किया जागरूक: सावन कन्नौजिया ने बताया उनके क्लब ने दो स्कूलों को गोद ले रखा है। खडौली और शोभापुर में दोनों स्कूलों में वह पर्यावरण संरक्षण के तहत पौधे लगाने के लिए विद्यार्थियों को प्रेरित करते हैं। उन्होंने बताया कि रोहटा रोड, बिजली बंबा बाइपास व कंकरखेड़ा में कई स्थानों पर पौधे लगाए हैं।