किसानों के विरोध का असर, गंगा एक्सप्रेस-वे के एलाइनमेंट में बदलाव, अब यहां से होगा शुरू Meerut News
गंगा एक्सप्रेस-वे के हाजीपुर से प्रस्तावित नए एलाइनमेंट को लेकर किसानों का चल रहा विरोध रंग लाया है। इसके चलते यूपीडा ने एक्सप्रेस-वे का एलाइनमेंट बदल दिया है।
मेरठ, जेएनएन। मेरठ से शुरू होकर प्रयागराज तक जाने वाले गंगा एक्सप्रेस-वे के एलाइनमेंट में अब एक बार फिर से परिवर्तन किया गया है। अब यह बिजौली गांव के निकट से शुरू होगा। यूपीडा ने किसानों के विरोध के चलते एलाइनमेंट बदल दिया है। साथ ही प्रस्तावित मार्ग व उसका नक्शा अपनी वेबसाइट पर अपलोड कर दिया है। हाजीपुर से प्रस्तावित मार्ग का किसान कर रहे थे विरोध गंगा एक्सप्रेस-वे के हाजीपुर से प्रस्तावित नए एलाइनमेंट को लेकर किसानों का चल रहा विरोध रंग लाया है। इसके चलते यूपीडा ने एक्सप्रेस-वे का एलाइनमेंट बदल दिया है। अब गंगा एक्सप्रेस-वे बिजौली गांव से शुरू होगा।
किसान विरोध कर रहे थे
यूपीडा ने अपनी वेबसाइट पर पूर्व में गंगा एक्सप्रेस-वे का नया एलाइनमेंट हाजीपुर से प्रस्तावित किया था, जिसमें प्रस्तावित मार्ग की दूरी 34 किमी कम हो रही थी। इसका खरखौदा क्षेत्र के किसान विरोध कर रहे थे। उन्होंने शुक्रवार को सपा नेता अतुल प्रधान के साथ कलक्टे्रट पहुंचकर कड़ा विरोध किया था। साथ ही इस एलाइनमेंट को निरस्त किये जाने की मांग डीएम के. बालाजी से की थी। मांग पूरी न होने पर दिल्ली कूच करने की चेतावनी दी थी। उन्होंने नए एलाइनमेंट को लेकर आरोप-प्रत्यारोप भी लगाए थे।
यूपीडा ने अब परिवर्तित मार्ग अपलोड किया
यूपीडा ने शनिवार को हाजीपुर से प्रस्तावित एलाइनमेंट को अपनी वेबसाइट से हटा दिया है। अब इसकी जगह बिजौली से मार्ग को प्रस्तावित किया है। इससे अब गंगा एक्सप्रेस-वे जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-334 के किमी-16 बिजौली गांव के समीप से शुरू होगा। साथ ही मेरठ से हापुड़, बुलंदशहर, अमरोहा, संभल, बदायूं, शाहजहांपुर, हरदोई, उन्नाव, रायबरेली और प्रतापगढ़ होते हुए प्रयागराज में जुदापुर डांडों गांव के निकट प्रयागराज बाईपास पर जाकर समाप्त होगा। इस एलाइनमेंट के अनुसार गंगा एक्सप्रेस-वे की कुल लंबाई-594 किमी अब होगी। यह एलाइनमेंट पुराना ही है, लेकिन अब इसे बिजौली से प्रस्तावित किया गया है।
प्रस्तावित मार्ग की जानकारी दी
बताया गया है कि बुलंदशहर के सांसद भोला सिंह ने इस मामले को मुख्यमंत्री तक पहुंचाया था। पूर्व में प्रस्तावित एलाइनमेंट में बुलंदशहर जिले के गांव छूट रहे थे। अब बिजौली से प्रस्तावित किये मार्ग में बुलंदशहर के वह गांव भी जुड़ गए हैं। यूपीडा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने बिजौली से प्रस्तावित मार्ग की जानकारी कमिश्नर अनीता सी. मेश्राम व डीएम के. बालाजी को पत्र भेजकर दी है। साथ ही परिवर्तित मार्ग के अनुसार ही कार्यवाही करने का अनुरोध भी किया है।
इनका कहना है
यूपीडा के अधिकारियों ने गंगाएक्सप्रेस-वे को अब बिजौली गांव के पास से शुरू करने की जानकारी दी है। इस बारे में यूपीडा अधिकारियों का पत्र उन्हें मिल गया है।
- के. बालाजी, डीएम मेरठ।