विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह बस नहीं, IIT कानपुर का 'चलता-फिरता' साइंस सेंटर है, मेरठ के छात्रों को मुफ्त मिलेगा इसका फायदा

By Rajendra Sharma Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Fri, 21 Aug 2026 07:19 PM (IST)

Meerut News: मेरठ के स्कूलों में आईआईटी कानपुर की विज्ञान बस आएगी। यह बस छात्रों को मुफ्त में वैज्ञानिक सिद्धांतों ...और पढ़ें

आईआईटी कानपुर की ओर से संचालित विज्ञान बस। सौ. संस्था

आईआईटी कानपुर की ओर से संचालित विज्ञान बस। सौ. संस्था

HighLights

  1. छात्रों को मुफ्त में मिलेगा वैज्ञानिक प्रयोगों का अनुभव।

  2. पंजीकरण कराकर स्कूल उठा सकते हैं इस अवसर का लाभ।

जागरण संवाददाता, मेरठ। जिला विज्ञान क्लब की ओर से 15 से लेकर 31 अक्टूबर तक जिले के विद्यालयों में आईआईटी कानपुर की ओर से संचालित विज्ञान बस आएगी। इसका आगमन निश्शुल्क रहेगा। बस स्कूलों को पंजीकरण कराना होगा। यह पहल छात्रों में वैज्ञानिक सोच और जिज्ञासा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चलाई जा रही है।

यह है विज्ञान बस की खासियत

विज्ञान बस एक चलता-फिरता विज्ञान केंद्र है, जो वैज्ञानिक उपकरणों, माडलों और प्रयोगों से सुसज्जित होकर सीधे ही विद्यालय परिसर में ही पहुंचती है। इसका उद्देश्य किताबों में पढ़े गए वैज्ञानिक सिद्धांतों को छात्रों के सामने प्रत्यक्ष, स्पर्शनीय अनुभव के रूप में प्रस्तुत करना है, ताकि विज्ञान केवल परीक्षा का विषय न रहकर एक रोमांचक अनुभव बन जाए।

प्रयोगशाला स्कूल के दरवाजे तक

जिन स्कूलों में पूर्ण विज्ञान प्रयोगशाला की सुविधा सीमित है। उनके विद्यार्थियों को भी आधुनिक वैज्ञानिक उपकरणों से प्रयोग करने का अवसर मिलेगा। प्रत्यक्ष अनुभव से सीखने को मिलेगा। माडल-उपकरणों को छूकर, देखकर और स्वयं क्रियान्वित करके सीखना और पारंपरिक कक्षा शिक्षण से कहीं अधिक प्रभावी माना जाता है।

आईआईटी कानपुर की विशेषज्ञता

देश के अग्रणी तकनीकी संस्थान की ओर से संचालित होने के कारण प्रदर्शन में उपयोग होने वाले उपकरण और अवधारणाएं वैज्ञानिक रूप से प्रामाणिक और स्तरीय हैं। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में विज्ञान, तकनीक और अनुसंधान के क्षेत्र में करियर बनाने की प्रेरणा जगाएंगे। यह पूरी तरह निश्शुल्क होगी। स्कूलों को इस आयोजन के लिए कोई शुल्क नहीं देना होगा, केवल पंजीकरण आवश्यक है।

सीमित अवधि, सीमित अवसर

बस डीएम के निर्देशन पर केवल 15 से 31 अक्टूबर तक ही जिले में उपलब्ध रहेगी और आवंटन पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर होगा। इच्छुक विद्यालय अपनी सहमति एनएएस इंटर कालेज के विज्ञान शिक्षक और जिला विज्ञान क्लब समन्वयक दीपक शर्मा से संपर्क कर दर्ज करा सकते हैं। विज्ञान बस का आवंटन पहले आओ, पहले पाओ के सिद्धांत पर ही किया जाएगा। उन्होंने शीघ्र पंजीकरण कराने की सलाह दी है।