विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'मैंने अपनी पत्नी का मर्डर कर दिया है...', मेरठ में पुलिस चौकी पहुंचकर आरोपित ने कबूला जुर्म

By Vinod Phogat Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Mon, 21 Sep 2026 07:33 PM (IST)

Meerut News: मेरठ में एक पति ने अपनी पत्नी की चुन्नी से गला घोंटकर हत्या कर दी। हत्या करने के ...और पढ़ें

शाहिस्ता का फाइल फोटो

शाहिस्ता का फाइल फोटो

HighLights

  1. बच्चों के नाम संपत्ति न करने को लेकर तीन महीने से चल रहा था विवाद

  2. पत्नी की हत्या से पहले बच्चों को छोड़ आया था अपने माता-पिता के पास

जागरण संवाददाता, मेरठ। बच्चों के नाम संपत्ति न करने को लेकर दंपती के बीच चल रहे विवाद में सोमवार को पति ने चुन्नी से गला घोंटकर पत्नी की हत्या कर दी। इसके बाद हत्यारोपित फतेहउल्लापुर चौकी पहुंचा और पत्नी की हत्या करने की बात कही। पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भेज दिया। वहीं, पुलिस ने मृतका के भाई की तहरीर पर हत्यारोपित पर मुकदमा दर्ज कर लिया।

लोहियानगर के फतेहउल्लापुर निवासी सोनू पुत्र नवाबूद्दीन ने बताया कि उसकी बहन 28 वर्षीय शाहिस्ता की शादी छह वर्ष पहले परीक्षितगढ़ थाना क्षेत्र के गांव ऐंची खुर्द निवासी चांद खां के साथ हुई थी। शादी के कुछ दिनों बाद दंपती जाकिर कालोनी में मतीन के मकान में किराये पर रहने लगा था।

दंपती के चार बच्चे पांच वर्ष अली, चार वर्ष शिफा, साढ़े तीन वर्ष सुफियान व डेढ़ वर्ष जियान है। चांद बड़े अली के अपनी बहन को गोद दे दिया था। तब से वह बुआ के पास ही रहता है। चांद ई-रिक्शा चलाकर परिवार का पालन-पोषण करता है।

पीड़ित ने बताया कि कुछ समय पहले चांद को गांव की संपत्ति मिली थी। चांद नशे का आदी है। जिस कारण शाहिस्ता उस पर संपत्ति को बच्चों के नाम करने को कह रही थी। इस बात को लेकर दंपती के बीच तीन महीन से विवाद चल रहा था। सोमवार सुबह चांद तीनों बच्चों को ई-रिक्शा में बैठाकर अपनी माता-पिता के पास छोड़ आया।

दोपहर करीब 2: 30 बजे चांद कमरे पर पहुंचा और शाहिस्ता के साथ मारपीट की चुन्नी से गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद वह फतेहउल्ला पुर चौकी पर पहुंचा और पुलिस को घटना की जानकारी दी। थाना प्रभारी सुमित तोमर का कहना है कि दंपती के बीच विवाद चल रहा था। जिसके चलते आरोपित ने पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी। पीड़ित सोनू की तहरीर पर आरोपित के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।