विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मेरठ: दूसरे पति ने कार में गला घोंटकर मार डाला, फिर पहचान छिपाने को ईंट से किए कई वार; खेत में फेंका महिला का शव 

By Shubham Gupta Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Sat, 22 Aug 2026 03:26 PM (IST)

मेरठ में एक महिला की हत्या का राजफाश हुआ है, जिसमें उसके दूसरे पति और परिवार के तीन सदस्य गिरफ्तार किए गए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

शीबा का फाइल फोटो

शीबा का फाइल फोटो

HighLights

  1. मां, पहली पत्नी और भाई गिरफ्तार, मुख्य आरोपित फरार

  2. सरधना क्षेत्र के दौलतपुर गांव के जंगल में खेत से मिला शव।

जागरण संवाददाता, सरधना(मेरठ)। सरधना थाना क्षेत्र के कुशावली-ज्वालागढ़ संपर्क मार्ग पर दौलतपुर गांव के जंगल में गन्ने के खेत से बरामद महिला के शव की पहचान होने के बाद पुलिस ने हत्या का राजफाश करते हुए मृतका के दूसरे पति के परिवार के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, महिला के दूसरे पति सादिक ने अपने परिवार के साथ मिलकर उसकी हत्या की साजिश रची थी। आरोप है कि सादिक महिला के पहले पति से जन्मे केवल बेटे को अपने पास रखना चाहता था, जबकि महिला अपने दोनों बच्चों को साथ रखना चाहती थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था। पुलिस मुख्य आरोपित सादिक और उसके भाई आबिद की तलाश में जुटी हुई है।

दौलतपुर निवासी ओमपाल के गन्ने के खेत में गुरुवार सुबह करीब साढ़े दस बजे ग्रामीण घास काट रहे थे। इसी दौरान उन्हें खेत में महिला का शव पड़ा मिला था। पहचान छिपाने के लिए उसके चेहरे पर ईंट या पत्थर से वार किए गए थे। इंटरनेट मीडिया पर फोटो प्रसारित होने के बाद शुक्रवार देर रात स्वजन ने महिला की पहचान भावनपुर थाना क्षेत्र के सियाल गांव निवासी शीबा पुत्री मुस्तफा के रूप में की।

जिसके बाद मृतका के भाई जुनैद की तहरीर पर पुलिस ने कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर लाला निवासी सादिक पुत्र बाबर, उसकी मां वसीला, पहली पत्नी आसिया और भाइयों आबिद व शादाब के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वसीला, आसिया और शादाब को हिरासत में ले लिया।

पुलिस जांच में सामने आया कि शीबा का निकाह वर्ष 2019 में मोहम्मदपुर लाला निवासी शाहरुख से हुआ था। दोनों के दो बच्चे थे। बेटी नवीया और बेटा मोहम्मद साद। शाहरुख कुछ समय के लिए गाजियाबाद स्थित सीमेंट फैक्ट्री में काम करने गया था। इसी दौरान शीबा का संपर्क सादिक से हुआ और दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गए। बाद में दोनों ने कोर्ट मैरिज कर ली।

सादिक पहले से शादीशुदा था और उसकी पहली पत्नी आसिया से पांच बेटियां हैं। आरोप है कि सादिक शीबा के केवल बेटे मोहम्मद साद को अपने साथ रखना चाहता था। जबकि शीबा अपनी बेटी नवीया को भी साथ रखना चाहती थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद होता रहता था। मृतका के भाई जुनैद ने बताया कि सादिक ने दो जून को शीबा को तीन तलाक दे दिया था।

इसके बाद शीबा मायके चली गई। बाद में उसके पिता मुस्तफा ने पचपेंडा गांव में उसके लिए किराए का मकान ले दिया। आरोप है कि 30 जुलाई को सादिक अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा और शीबा व उसके बेटे मोहम्मद साद को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। पांच वर्षीय बेटी नवीया को घर पर ही छोड़ दिया था। पुलिस के मुताबिक गुरुवार को सादिक शीबा को कार से लेकर जानी थाना क्षेत्र में पहुंचा।

इसी दौरान शीबा ने अपने भाई जुनैद को फोन कर बताया कि सादिक उसे देहरादून ले जाने की बात कह रहा है। इसी दौरान कार में सादिक की मां वसीला, पहली पत्नी आसिया और भाई शादाब के साथ शीबा का विवाद हो गया। छीना-झपटी में उसका मोबाइल भी टूट गया। आरोप है कि इसी दौरान सादिक ने कार में शीबा का गला घोंट दिया।

इसके बाद शव को सरधना थाना क्षेत्र के दौलतपुर गांव के जंगल में गन्ने के खेत में फेंक दिया। पुलिस के अनुसार, पहचान छिपाने के लिए आरोपित ने उसके चेहरे और सिर पर ईंट से कई वार किए और मौके से फरार हो गया। पुलिस ने वसीला, आसिया और शादाब को गिरफ्तार कर लिया है। मुख्य आरोपित सादिक और उसके भाई आबिद की तलाश में दबिश दी जा रही है।