पति की अजीब फरमाइश दोस्तों के लिए बनाओ पैग
पति की अजीब फरमाइश ने रिश्तों में खटास पैदा कर दी है। पति दोस्तों के साथ घर में शराब पीता है और पत्नी से पैग बनाने के लिए कहता है। मना करने पर पिटाई करता है।
मेरठ, जेएनएन। पति की अजीब फरमाइश ने रिश्तों में खटास पैदा कर दी है। पति दोस्तों के साथ घर में शराब पीता है और पत्नी से पैग बनाने के लिए कहता है। मना करने पर पिटाई करता है। साथ ही उनसे बात करने का भी दबाव बनाता है। उधर, दूसरी घटना में पति की दूसरी शादी रुकवाने पर ससुराल वाले ही महिला के दुश्मन बन गए। उन्होंने पिटाई कर पीड़िता को जान से मारने की धमकी दी है। लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र निवासी एक युवक शराब पीने का आदी है। घर में ही दोस्तों के साथ पार्टी करता है। आरोप है कि पत्नी से सभी के लिए पैग बनाने के लिए कहता है। मना करने पर पिटाई करता है। करीब दो माह से ऐसा चल रहा है। गुरुवार रात पति की बात मानने से इन्कार कर दिया, जिस पर पिटाई कर उसे घर से निकाल दिया। शुक्रवार सुबह मायके वाले पहुंचे तो उनके साथ भी पति मारपीट पर उतारू हो गया। पीड़िता ने पति के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने पति को हिरासत में ले लिया है। उधर, श्यामनगर निवासी एक युवती की चार साल पहले शादी हुई थी। शादी के बाद से ही उसे परेशान किया जा रहा है। कुछ दिन से वह अलग रह रही है। उसने बताया कि गुरुवार को पति बागपत में दूसरी शादी कर रहा था। जिसे उसने रुकवा दिया था। शुक्रवार को पति ने ससुराल वालों के साथ पिटाई कर उसे घर से निकाल दिया। थाना प्रभारी प्रशांत कपिल का कहना है कि तहरीर के आधार पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।