गांधी बाग से मोदीपुरम तक काटे गए सैकड़ों पेड़
बेगमपुल से मोदीपुरम तक रैपिड रेल कारिडोर के अंतर्गत गांधी बाग से पेड़ का कटान व केबल-पाइप शिफ्टिंग का कार्य तेजी से चल रहा है।
मेरठ, जेएनएन। बेगमपुल से मोदीपुरम तक रैपिड रेल कारिडोर के अंतर्गत गांधी बाग से पेड़ का कटान व केबल-पाइप शिफ्टिंग का कार्य तेजी से चल रहा है। पेड़ कटान के बाद जल्द ही यहां पर रोड चौड़ीकरण का कार्य शुरू होगा।
बेगमपुल से मोदीपुरम तक एलिवेटेड स्टेशन बनाए जाएंगे। इसलिए सड़क के बीच में डिवाइडर पर पिलर बनाने का कार्य शुरू होगा। पिलर बनाने के दौरान डिवाइडर को दोनों तरफ से टिन वाल से घेरा जाता है। डिवाइडर को घेरने से दोनों तरफ मुख्य सड़क का थोड़ा ही हिस्सा बचता है। इसलिए इस कार्य को शुरू करने से पहले दोनों तरफ सड़क एक-एक लेन चौड़ी कर दी जाती है। फिर जब पिलर का कार्य शुरू होता है। तब इसी नई बनाई गई सड़क से ही वाहन निकाले जाते हैं। गौरतलब है कि शताब्दीनगर से मोदीपुरम तक के फेज के लिए एलिवेटेड स्ट्रक्चर संबंधित कार्य मेवला फ्लाईओवर के पास शुरू किया जा चुका है। ट्रांसपोर्ट नगर के गेट तक ही एलिवेटेड स्टेशन व पिलर रहेंगे। उसके बाद बेगमपुल तक पिलर नहीं बनेंगे, बल्कि स्टेशन जमीन के नीचे बनेंगे। बेगमपुल के बाद फिर स्टेशन पिलर पर शुरू हो जाएंगे।
पर्यावरण संरक्षण पर गोष्ठी का आयोजन: राष्ट्रीय युवा सप्ताह के अंतर्गत सोमवार को हरियाली संरक्षण ट्रस्ट के तत्वावधान में संयुक्त रूप से पर्यावरण व जल संरक्षण हेतु कार्यक्रम का आयोजन किया गया। ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने लोगों को जागरूक करने के लिए नगर की विभिन्न दीवारों पर स्लोगन लिखवाए।
नगर के मोहल्ला महाराणा प्रताप स्थित हरियाली संरक्षण ट्रस्ट के कार्यालय पर पर्यावरण व जल संरक्षण हेतु संयुक्त रूप से विचार गोष्ठी का आयोजन हुआ। वक्ताओं ने पर्यावरण संरक्षण पर विचार रखें। इस दौरान सभी को पयार्वरण को बचाने के लिए आगे आने का आह्वान किया। गोष्ठी के दौरान ट्रस्ट के अध्यक्ष रिहान मलिक ने कहा कि पर्यावरण व जल संरक्षण प्राणियों के लिए बेहद जरूरी है। इसके लिए ट्रस्ट भविष्य में हर संभव प्रयास करके पर्यावरण को बचाने के लिए अभियान चलाएगी। इस मौके पर शाहवेज अंसारी, नगर अध्यक्ष इरफान मलिक व हाजी आसक अली ने संरक्षण को लेकर अपने विचार रखे। विनित तालियान, इरशाद अब्बासी, मोहित चौधरी, बब्बू चौधरी व समीर मलिक आदि मौजूद रहे।