इंसानियत मानव सेवा ने की निश्शुल्क एंबुलेंस की शुरुआत
इंसानियत मानव सेवा समिति ने गत वर्षो की भांति इस बार भी 27 अक्टूबर को संस्था के प्रेरणा स्त्रोत सौरभ पंडित मुखिया की पांचवी पुण्यतिथि पर मानव सेवा के लिए दो एंबुलेंस को हरी झंडी दिखाई।
मेरठ, जेएनएन। इंसानियत मानव सेवा समिति ने गत वर्षो की भांति इस बार भी 27 अक्टूबर को संस्था के प्रेरणा स्त्रोत सौरभ पंडित मुखिया की पांचवी पुण्यतिथि पर मानव सेवा के लिए दो एंबुलेंस को हरी झंडी दिखाई। भाजपा जिलाध्यक्ष अनुज राठी ने किला रोड स्थित श्रीकृष्ण गोशाला से दोनों एंबुलेंस को रवाना किया। इसे पूर्व हवन में आहुति डाल व पौधारोपण कर सौरभ मुखिया को श्रद्धांजलि अर्पित की। भाजयुमो उपाध्यक्ष राहुल कस्तला, आशुतोष वत्स, सचिन मित्तल मौजूद रहे।
ईद मिलादुन्नबी का जुलूस न निकालें मोहम्मद साहब का यौम-ए- पैदाइश 30 अक्टूबर को है। जमियत उलमा के जिला अध्यक्ष जैनुर राशिदीन ने कहा कि इस दिन उनकी याद में खुशियां मनाई जाएंगी। कोरोना वायरस के संक्रमण के कारण ईद मिलादुन्नबी का जुलूस नहीं निकालें। प्रशासन से अनुमति लेकर मस्जिद या मदरसों में जलसा सीरत-ए-पाक कर सकते हैं।
भारत विकास परिषद ने किया सहयोग
भारत विकास परिषद की शास्त्रीनगर शाखा के पदाधिकारियों ने मंगलवार को लोहिया नगर स्थित कुष्ठ आश्रम में रहने वाले परिवार की बेटी के विवाह के लिए आर्थिक सहयोग किया। विवाह एक नंवबर को संपन्न कराया जाएगा। इस दौरान संस्था के पदाधिकारियों ने युवती को आशीष प्रदान किया। संस्था के संरक्षक सतीश चंद्र, प्रांतीय संरक्षक एसपी गौड, नरेश गोयल, मुकेश चंद शर्मा, गिरीश शुक्ला उपस्थित रहे।