मेरठ में लोहड़ी थीम पर सजेंगे होटल, ढोल पर होगा भंगड़ा, ऐसी की गई हैं तैयारियां
मेरठ में दिल्ली रोड स्थित होटल कंट्री-इन के डायरेक्टर आफ सेल्स राहुल चंद्रा ने बताया कि पहली बार लोहड़ी थीम पर होटल की सजावट की जाएगी। वेटर पारंपरिक पंजाबी परिधानों में नजर आएंगे। साथ ही मेन्यू में भी खास पंजाबी डिश को शामिल किया गया है।
मेरठ, जेएनएन। मेरठ में पंजाबी समाज के लोग और संगठन ही नहीं, इस बार शहर के होटलों में भी पर्व के मद्देनजर लोहड़ी थीम पर सजावट और मेन्यू में पंजाबी व्यंजनों को शामिल किया जा रहा है। लोहड़ी पर होटल और रेस्तरां में खास स्वादिष्ट व्यंजनों को खास पंजाबी परिधान पहनकर पेश किया जाएगा। वहीं, पंजाबी समाज के लोग कोरोना काल में सुरक्षा नियमों का पालन करते हुए लोहड़ी पर्व की तैयारी कर रहे हैं।
लोहड़ी थीम पर होटल की सजावट
दिल्ली रोड स्थित होटल कंट्री-इन के डायरेक्टर आफ सेल्स राहुल चंद्रा ने बताया कि पहली बार लोहड़ी थीम पर होटल की सजावट की जाएगी। वेटर पारंपरिक पंजाबी परिधानों में नजर आएंगे। साथ ही मेन्यू में भी खास पंजाबी डिश को शामिल किया गया है। वहीं, होटल क्रोम के निदेशक गौरव नारंग का कहना है कि अपर हाउस को इस बार लोहड़ी थीम पर सजाया जाएगा। मेन्यू में भी पंजाबी व्यंजनों को शामिल किया गया है। गढ़ रोड स्थित होटल हारमनी के निदेशक नवीन अरोड़ा बताते हैं कि इस बार टेरिस पर पारंपरिक तरीके से लोहड़ी पर्व मनाया जाएगा, जिसमें पंजाबी ढोल पर भंगड़ा होगा।
हरमिलाप मंदिर में मनाएंगे पर्व
पंजाबी संगठन के अध्यक्ष पंकज जौली ने बताया कि प्रहलाद नगर हरमिलाप मंदिर में लोहड़ी पर्व मनाया जाएगा। इसमें हर साल हजारों की संख्या में एकत्रित होकर पंजाबी समाज के लोग धूमधाम से लोहड़ी पर्व मनाते हैं। इस बार कोरोना महामारी के कारण सीमित संख्या में लोग एकत्रित होंगे और लोहड़ी पर्व मनाएंगे। लोहड़ी जलाने के बाद सभी पंजाबी भोजन का लुत्फ उठाएंगे।