Move to Jagran APP

उत्तर प्रदेश दिवस पर सम्मान, इनाम और प्रचार

उत्तर प्रदेश दिवस पर मेरठ जनपद में भव्य समारोह आयोजित किया गया।

By JagranEdited By: Published: Mon, 25 Jan 2021 02:00 AM (IST)Updated: Mon, 25 Jan 2021 02:00 AM (IST)
उत्तर प्रदेश दिवस पर सम्मान, इनाम और प्रचार
उत्तर प्रदेश दिवस पर सम्मान, इनाम और प्रचार

मेरठ, जेएनएन। उत्तर प्रदेश दिवस पर मेरठ जनपद में भव्य समारोह आयोजित किया गया। समारोह में जहां विभिन्न क्षेत्रों में अच्छा काम करने वाले लोगों को सम्मानित किया गया, वहीं विभिन्न सरकारी योजनाओं में अच्छा काम करने वालों को पुरस्कार दिया गया। इस दौरान आयोजित प्रदर्शनी में झांकियों के माध्यम से प्रदेश के गौरवमयी इतिहास का प्रदर्शन किया गया। सरकारी विभागों के स्टाल पर योजनाओं का प्रचार किया गया।

loksabha election banner

उत्तर प्रदेश अब उत्तम प्रदेश: सांसद

रविवार को विवि के नेताजी सुभाषचंद्र बोस प्रेक्षागृह में आयोजित भव्य समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि सांसद राजेंद्र अग्रवाल ने कहा कि उत्तर प्रदेश पिछले चार वर्षो में तेजी से बदला है। अब यह उन्नत और उत्तम प्रदेश बन रहा है। प्रदेश की क्षमता और विकास की गति को लोग अब पहचानने लगे हैं। देश को 12 में से आठ प्रधानमंत्री उत्तर प्रदेश ने ही दिए हैं। जिलाधिकारी के. बालाजी ने सभी का स्वागत किया तथा सीडीओ ईशा दुहन ने आभार जताया।

अच्छा कार्य करने वाले सम्मानित

कार्यक्रम के दौरान सांसद राजेंद्र अग्रवाल, किठौर विधायक सत्यवीर त्यागी, दक्षिण विधायक सोमेंद्र तोमर, कैंट विधायक सत्यप्रकाश अग्रवाल, आयुक्त अनीता सी मेश्राम ने राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभाग करने और पुरस्कार प्राप्त करने वाली महिला एथलीटों विधि, मानसी, ख्याति माथुर, रूपल व सीमा को सम्मानित किया। उल्लेखनीय कार्य के लिए उद्यमियों विवेक कोहली, पुनीत आनंद, पंकज गुप्ता, अरविंद अग्रवाल, वरुण मक्कड़ व विनीत डाबर को सम्मानित किया गया। पौधारोपण पर ईहा दीक्षित, प्रगतिशील किसान श्रीमती सीमा व प्रवीण कुमार, लोकेश कुमार, ओमवती देवी, श्रम विभाग, गन्ना विकास विभाग, पराग डेयरी से नंद बाबा पुरस्कार विजेताओं, विकास विभाग में स्वयं सहायता समूह संचालक सोहनवीरी, रीता, संयोगिता, रूपा व नसरीन, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, बेसिक और माध्यमिक शिक्षा विभाग के शिक्षकों, स्वास्थ्य विभाग की आशा और एएनएम को सम्मानित किया गया तथा 5000 रुपये का पुरस्कार दिया गया। महिला कल्याण विभाग द्वारा मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना में उत्कृष्ट कार्य करने वाले बैंक शाखा प्रबंधकों का सम्मान किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समा

सांस्कृतिक कार्यक्रमों, लघु नाटिका तथा रागिनी के प्रदर्शन ने कार्यक्रम में लोगों को कई घंटे बांधे रखा। खालसा ग‌र्ल्स इंटर कालेज की छात्राओं ने सरस्वती वंदना, नीरा फाउंडेशन ने बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ पर लघु नाटिका, मल्लू सिंह आर्य कन्या इंटर कालेज मटौर की छात्राओं ने उत्तर प्रदेश गीत का प्रदर्शन किया। मूक बधिर विद्यालय वेस्ट एंड रोड मेरठ कैंट की छात्राओं के जूडो कराटे के प्रदर्शन ने दर्शकों की दांतों तले अंगुलियां दबवा दीं। पीआरडी के जवान रमेश एंड कंपनी की रागिनी ने सभी को मोहित किया। मुख्यमंत्री के भाषण का लाइव प्रसारण

कार्यक्रम में मंच पर स्क्रीन लगाकर उत्तर प्रदेश के गौरवशाली इतिहास, प्रदेश की विशेषताओं का प्रसारण किया गया। लखनऊ में आयोजित मुख्य कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संबोधन का यहां लाइव प्रसारण किया गया। प्रदर्शनी में योजनाओं का प्रचार

कार्यक्रम स्थल पर प्रदर्शनी लगाई गई थी। इसमें संस्कृति विभाग द्वारा झांकियों के माध्यम से प्रदेश और मेरठ की विशेषताओं और विरासतों का प्रदर्शन किया गया। एक जिला एक उत्पाद योजना के तहत खेल सामग्री की प्रदर्शनी लगी। महिला स्वयं सहायता समूहों ने पांच स्टालों पर अपने उत्पादों का प्रदर्शन किया। कृषि, बेसिक शिक्षा, पंचायती राज, स्वास्थ्य विभाग समेत तमाम विभागों ने स्टाल लगाकर अपनी योजनाओं का प्रचार किया। सांसद, विधायक और अफसरों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.