बुलंदशहर में गोहत्या के विरोध में हिंदू संगठनों का हंगामा, सीमा विवाद में उलझी तीन थानों की पुलिस
Hindu organization uproar in Bulandshahr पहासू-सोमना रोड स्थित दाऊपुर गांव नहर के निकट गोवंशों के अवशेष मिलने से आक्रोशित हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने हंगामा किया। उधर सीमा विवाद में तीन थानों की पुलिस कई घंटों तक उलझी रही।
बुलंदशहर, जेएनएन। पहासू-सोमना रोड स्थित दाऊपुर गांव नहर के निकट गोवंशों के अवशेष मिलने से आक्रोशित हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने हंगामा किया। उधर, सीमा विवाद में तीन थानों की पुलिस कई घंटों तक उलझी रही। बाद में अलीगढ़ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया।
शनिवार सुबह राहगीरों ने दाऊपुर नहर के निकट एक खेत में कुछ गोवंश के अवशेष देखे। इसकी जानकारी मिलने पर काफी संख्या में ग्रामीण, हिंदू संगठनों के पदाधिकारी व कार्यकर्ता पहुंच गए। उन्होंने आरोपितों पर कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। इसका पता चलते ही पहासू, अरनिया व अलीगढ़ जनपद के जवां थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई। उन्होंने हंगामा कर रहे लोगों को समझाकर शांत किया। इसके बाद तीनों थानों की पुलिस सीमा विवाद में उलझ गई।
सीओ शिकारपुर गोपाल सिंह व अलीगढ़ जनपद के सीओ सुदेश कुमार मौके पर पहुंचे। जांच करने पर पता चला कि उक्त क्षेत्र अलीगढ़ जनपद के थाना जवां के राय सिंह के नगला गांव का है। सीओ सुदेश कुमार ने जवां थाना प्रभारी अभय कुमार शर्मा को मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए। इसके बाद जवां थाने की पुलिस ने अवशेषों को दफना कर अज्ञात आरोपितों की तलाश शुरू कर दी।