दिन में तेज गर्मी, रात में चली धूल भरी हवाएं
राजस्थान और हरियाणा में धूल भी हवाओं का असर शुक्रवार को मेरठ के मौसम पर नजर आया।
मेरठ। राजस्थान और हरियाणा में धूल भी हवाओं का असर शुक्रवार को मेरठ के मौसम पर नजर आया। आसमान में धूल और बादलों की परत छायी रही। प्रदूषण भी बढ़ा रहा। शाम को तेज हवाएं चली जिसके बाद पारे में गिरावट दर्ज की गई। आज तेज हवाएं और बौछारें पड़ने की संभावना है।
पश्चिम विक्षोभ के पहाड़ों पर सक्रिय होने के बाद हिमाचल प्रदेश में बारिश हुई। मेरठ में भी दिन में रह-रह कर धूल भरी गर्म हवाओं के झोंके लोगों को परेशान करते रहे। अधिकतम पारा 41.2 डिग्री रहा। जबकि न्यूनतम तापमान 25.4 रहा। दोपहर में तेज गर्मी में बाहर निकलना दूभर हो गया। सड़कों पर सन्नाटा छाया रहा। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को सिस्टम में और तेजी आएगी। धूल भरी आंधी और गरजचमक के साथ बारिश पड़ सकती है। 13 और 14 को भी इसी तरह का मौसम रहेगा। बतातें चले कि 3 मई को धूल भरी आंधी के साथ बारिश देखने को मिली थी। उसके बाद से लगातार गर्मी अपने तेवरों से हलकान कर रही है। अभी तक प्री मानसून बारिश भी काफी कम हुई है। ऐसे में अगले तीन चार दिन में होने वाली बारिश फसलों के लिए महत्वपूर्ण होगी। गर्मी से बेहाल लोगों ने बुझाई प्यास
मेरठ । दोपहर में तेज गर्मी से बेहाल लोगों को राहत प्रदान करने के लिए शुक्रवार को दैनिक जागरण ने ठंडे पानी का स्टाल लगाया। प्यास से बेहाल मार्केट में आने-जाने वालों ने ठंडा पानी का सेवन कर गला तर किया। छुट्टी से लौट रहे स्कूली बच्चों ने भी ठंडा पानी कर राहत की सांस ली। जल है तो कल है का संदेश देते लगाए गए स्टाल को लेकर लोगों ने दैनिक जागरण के पहल की सराहना की।