स्वाद के साथ सेहत का भी रखिए ध्यान
दीपावली रोशनी का त्योहार है। इसमें कुछ मीठा भी होना चाहिए लेकिन इस मीठे के साथ जरूरी है कि वह स्वाद के साथ सेहतमंद भी रहे।
मेरठ, जेएनएन। दीपावली रोशनी का त्योहार है। इसमें कुछ मीठा भी होना चाहिए, लेकिन इस मीठे के साथ जरूरी है कि वह स्वाद के साथ सेहतमंद भी रहे। डाइटीशियन डा. भावना गांधी ने मौसम के बदलने के साथ इस त्योहार में खान-पान को लेकर भी कुछ जरूरी टिप्स दिए हैं। साथ ही खजूर के लड्डू बनाने का तरीका भी बताया है।
कुछ मीठा हो तो ऐसा
- मीठा बनाने के लिए चीनी की जगह सूखे फल जैसे किशमिश, मुनक्का, अंजीर, खजूर, गुड़ का इस्तेमाल कर सकते हैं। इससे सेहत भी अच्छी रहेगी। ओमेगा- 3 भी इस तरह के मीठे में भरपूर मिलता है।
- खीर या कोई मीठी चीज बनाते हैं तो उसमें छोटी इलाइची और केसर का भी इस्तेमाल कर सकते हैं।
- ऐसे लोग जो चाहते हैं कि वजन नियंत्रित रहे तो वह दालचीनी जरूर अपने खाने में रखें। इससे कोविड जैसी महामारी से लड़ने के लिए शरीर की प्रतिरोधक क्षमता भी बढ़ती है।
ऐसे बनाएं खजूर के लड्डू
मीठे में आप खजूर के लड्डू बना सकते हैं। बनाना आसान है। खजूर, पिस्ता, बादाम, काजू को पीसकर रख लें। लड्डू बनाने के लिए पहले गैस पर नान स्टिक पैन रखें। उसमें देशी घी को गर्म करें। उसमें खजूर डालें। तीन से चार मिनट तक उसे पकाएं। फिर गैस बंद कर दें। इसमें पिसा हुआ पिस्ता, बादाम, काजू को मिला दें। उसे ठंडा होने दें। ठंडा होने के बाद उसे लड्डू की तरह बना लें। इसमें आधे हिस्से को नारियल के बुरादे और आधे को कोको पाउडर से मिलाएं। अब खजूर का लड्डू तैयार है।