‘हनुमान अंश’ UP में हो टैक्स फ्री, मेरठ के मेयर ने सीएम योगी से की मांग; प्रदेश में ही हुई है इस फिल्म की शूटिंग
Hanuman Ansh film: मेरठ के मेयर हरिकांत अहलूवालिया ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर 'हनुमान अंश' फिल्म को उत्तर प्रदेश में ...और पढ़ें

फिल्म ‘हनुमान अंश’ का पोस्टर। सौ. सोशल मीडिया
HighLights
मेयर ने फिल्म को प्रेरणादायक बताया।
फिल्म का बड़ा हिस्सा चित्रकूट में हुआ है शूट।
जागरण संवाददाता,मेरठ। फिल्म ‘हनुमान अंश’ को उत्तर प्रदेश में टैक्स फ्री किए जाने के संबंध में महापौर हरिकांत अहलूवालिया ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजा है। मांग की है कि इसे टैक्स फ्री किया जाए।
उन्होंने पत्र में कहा है कि ‘हनुमान अंश’ एक धार्मिक एवं प्रेरणादायक फिल्म है। यह फिल्म नीब करोरी बाबा के जीवन पर आधारित है। जिन्होंने अपना संपूर्ण जीवन हनुमान जी की भक्ति एवं समाज हित में व्यतीत कर दिया।
यह फिल्म भारतीय संस्कृति, धार्मिक एवं नैतिक मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य कर रही है। विशेष रूप से युवा पीढ़ी के लिए ऐसी फिल्में महत्वपूर्ण एवं प्रेरणादायक है, क्योंकि इनके माध्यम से उन्हें संस्कार, धार्मिक एवं भारतीय संस्कृति से जुड़ने की प्रेरणा मिलती है।

मेरठ के महापौर हरिकांत अहलूवालिया।
महापौर हरिकांत अहलूवालिया (Mayor Harikant Ahluwalia) ने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया है कि फिल्म के सामाजिक, सांस्कृतिक एवं धार्मिक महत्व को दृष्टिगत रखते हुए ‘हनुमान अंश’ फिल्म को उत्तर प्रदेश में टैक्स फ्री किए जाने पर विचार किया जाए, जिससे अधिक से अधिक लोग इस प्रेरणादायक फिल्म को देख सकें और इसके सकारात्मक संदेश को अपने जीवन में उतार सकें।
उत्तर प्रदेश में हुई है फिल्म की शूटिंग, इससे टैक्स फ्री होने की संभावना बढ़ी
फिल्म ‘हनुमान अंश’ की शूटिंग उत्तर प्रदेश में हुई है। इसमें भी बड़ा हिस्सा चित्रकूट की धार्मिक और प्राकृतिक लोकेशन पर शूट किया गया है। यहां के शिवरामपुर, आरोग्यधाम, पंजाबी बाबा आश्रम और परसौंजा गांव में शूटिंग हुई है। गांव परसौंजा में निर्देशक विशाल चतुर्वेदी माइक से पुरुषों से धोती-कुर्ता, कुर्ता-पायजामा और सदरी व महिलाओं से साड़ी पहनकर शूटिंग में आने की अपील करते थे।
इस प्रकार फिल्म में तपोभूमि की धार्मिक आभा, प्राकृतिक परिवेश और स्थानीय लोगों की भागीदारी रही। उधर, जानकारों का कहना है कि प्रदेश में शूटिंग होने से इसके टैक्स फ्री होने की संभावना और बढ़ जाती है।
नीब करोरी धाम पर बढ़े श्रद्धालु
फिल्म हनुमान अंश के सुपर हिट हाेने के बाद फर्रुखाबाद के नीब करोरी धाम में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ गई है। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करना पड़ा है। उत्तर प्रदेश के साथ-साथ दिल्ली, हरियाणाा व मध्य प्रदेश के श्रद्धालु भी दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।
