यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 06, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
मुजफ्फरनगर में दूल्हे ने निकाह से पहले मांगी बुलेट, थाने पहुंचा विवाद
dowry case in muzaffarnagar मुजफ्फरनगर थानाक्षेत्र के निराना गांव में बुलेट की मांग पूरी न होने पर दूल्हे ने निकाह ...और पढ़ें

मुजफ्फरनगर, जागरण संवाददाता। थानाक्षेत्र के निराना गांव में बुलेट की मांग पूरी न होने पर दूल्हे ने निकाह से इन्कार कर दिया। इसको लेकर दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। दुल्हन के स्वजन ने पुलिस को तहरीर दे दी। कुछ लोगों ने समझौते का प्रयास भी किया, लेकिन देर रात दोनों पक्ष थाने में जमा थे।
यह है मामला
निराना गांव में रविवार को भोपा थाना क्षेत्र के एक गांव से बरात आई थी। घरातियों ने बरात का स्वागत किया। निकाह के समय दूल्हे ने बुलेट की मांग रख दी। कुछ लोगों ने दूल्हे को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माना। दूल्हे पक्ष के कुछ अन्य लोग भी इस मांग पर अड़ गए। इस पर दुल्हन पक्ष ने नाराजगी जताई। गांव के गणमान्य लोगों ने समझौता कराने का प्रयास किया, लेकिन दूल्हा नहीं माना। इस दौरान दोनों पक्षों में मारपीट हो गई।
इसके बाद दुल्हन पक्ष ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुला लिया। दूल्हे को पुलिस ने जमकर फटकार लगाई।
थाना प्रभारी अनिल कुमार सिंह ने बताया कि किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई है। दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है। अगर आपसी सहमति नहीं बनती है तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
