Move to Jagran APP

रंगों से सराबोर रहा पूरा शहर,होली पर जमकर धमाल

मेरठ के लोगों ने होली के त्योहार को शानदार ढंग से मनाया। एक दूसरे को रंग लगाकर और गले मिलकर रंगों के पर्व की शुभकामानाएं दी गईं। बच्चों ने भी धमाल मचाया।

By Ashu SinghEdited By: Published: Sat, 23 Mar 2019 12:17 PM (IST)Updated: Sat, 23 Mar 2019 12:17 PM (IST)
रंगों से सराबोर रहा पूरा शहर,होली पर जमकर धमाल
रंगों से सराबोर रहा पूरा शहर,होली पर जमकर धमाल
मेरठ,जेएनएन। शहर में होलिका दहन के बाद गुरुवार को कड़ी सुरक्षा के बीच होली का पर्व हषरेल्लास के साथ मनाया गया। रंगों की फुहार के बीच पर्व की खुमारी लोगों पर छाई रही। हर कोई होली के उल्लास में डूबा नजर आया। शहर में हुड़दंगियों का जुलूस हो या जगह-जगह डीजे की धुन पर युवा जमकर थिरके। गिले-शिकवे मिटाकर एक-दूसरे से लोग गले मिले।
निकली युवाओं की टोलियां
पूरा शहर रंगों से सराबोर रहा। वैसे होली का उल्लास होलिका दहन के बाद शुरू हो गया था लेकिन गुरुवार सुबह 8 बजे के बाद शहर की सड़कों, गलियों और घरों के बाहर युवाओं की टोलियां एकत्र हुईं। लालकुर्ती में जुलूस निकला तो थापर नगर में भी रंगों में लोग डूबे दिखे। शहर की प्रमुख चौराहों पर होली का धमाल देखते ही बना। डीजे की धुन पर युवाओं की थिरकती टोलियां आकर्षक का केंद्र रहीं। उड़ते गुलाल और रंगों की फुहार ने माहौल को रंगीन कर दिया। युवाओं की टोली पर खूब रंग बरसा। सुबह 11 बजे के बाद रंगों के पर्व का उल्लास चरम पर रहा।
ईकोफ्रेंडली होली मनाई
युवतियों और महिलाओं ने भी जमकर रंग खेला। देर शाम तक होली का उल्लास बरकरार रहा। सिविल लाइंस में अधिकारियों के आवास में भी होली जमकर खेली गई। जिलाधिकारी अनिल ढींगरा ने परिवार के साथ होली खेली। शहर में कई स्थानों पर मुल्तानी मिट्टी से होली खेलकर ईकोफ्रेंडली होली मनाई गई। दूसरे दिन शुक्रवार को भी जगह-जगह होली मिलन कार्यक्रम हुए।
जिमखाना के सम्मेलन से भाईचारे का संदेश
गुरुवार को जिमखाना मैदान में नागरिक होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें पूर्व विधायक पं. जय नारायण शर्मा को मूर्खाधिराज की पदवी से विभूषित किया गया। सम्मेलन में सभी दलों के नेता और गणमान्य नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। लोगों ने इस दौरान गांधीवादी चिंतक धर्म दिवाकर को अश्रुपूर्ण श्रद्धांजलि दी गई। सम्मेलन के संयोजक एड. योगेंद्र शर्मा ने बताया कि यह सम्मेलन स्वतंत्रता संग्राम सेनानी पं. स्वर्गीय गौरी शंकर शर्मा और उनकी पत्नी की याद में मनाया जाता है। सम्मेलन के दौरान भाईचारे का संदेश दिया गया। सभी धर्मो के लोगों की मौजूदगी रही। भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत बाजपेयी,आइआइएमटी के चेयरमैन योगेश मोहन गुप्ता, दयानंद गुप्ता, पूर्व मंत्री मेहराजुद्दीन,एमपी शर्मा,योगेश बंसल,युसुफ कुरैशी,मनजीत सिंह कोछड़ समेत अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहें।

होली गीतों की बहार
रंगों का पर्व होली मोदीपुरम व कंकरखेड़ा क्षेत्र में धूमधाम से मनाया गया। जगह-जगह डीजे पर बज रहे गीतों और ढोल की थाप पर होली व फिल्मी गीतों पर जमकर थिरके। देहात क्षेत्र में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भूमिया बाबा पर पूजा-अर्चना की और होली के गीत गाकर जमकर नृत्य किया। दौराला में होली पर्व पर एक-दूसरे को अबीर गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दी। ढोल नगाड़े की थाप पर जमकर नृत्य भी किया। व्यापार संघ के संरक्षक पुरूषोत्तम उपाध्याय के आवास पर होली मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया।
मेरठ बुलियन ट्रेडर्स एसोसिएशन ने खेली होली
मेरठ बुलियन ट्रेडर्स एसोसिएशन ने महादेव मंदिर सर्राफा बाजार में होली मिलन समारोह का आयोजन किया। कवि सुमनेश सुमन,ईश्वर चंद गंभीर,इंद्र प्रसाद अकेला,वाजिद मेरठी सहित अन्य कवियों ने रचनाएं प्रस्तुत की। इस दौरान फूलों की होली खेली गई। कागजी बाजार सर्राफा व्यापार मंडल ने रंगों की होली खेली। मुकंदी देवी धर्मशाला घंटाघर में होली मिलन समारोह का आयोजन किया। जन कल्याण समिति ने सम्राट पैलेस और राजराजेश्वरी मंदिर के निकट कार्यालय पर होली महोत्सव मनाया। 

Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.