देह व्यापार से मना करने पर ससुरालियों ने बहू के साथ कराया सामूहिक दुष्कर्म, सच्चाई सामने आते ही चौंकी पुलिस
Gang Molestation In Baghpat बागपत में महिला ने आरोप लगाया कि उसके ससुराल पक्ष के लोग उससे देह व्यापार कराना चाहते हैं। ससुराल पक्ष ने चार लोगों से उसके साथ दुष्कर्म करवाया। महिला थाने में हो रही है काउंसलिंग जांच के बाद निराधार मिले आरोप।
बागपत, जेएनएन। थाना क्षेत्र के एक गांव की महिला ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में आरोप लगाया कि उसके ससुराल पक्ष के लोग उससे देह व्यापार कराना चाहते हैं। उसने मना कर दिया तो आरोपितों ने चार लोगों से उसका सामूहिक दुष्कर्म कराया।
यह है मामला
पीड़ित महिला ने थाने पर तहरीर देकर बताया कि उसका मायका और ससुराल छपरौली थाना क्षेत्र में ही है। छह माह से उसके ससुराल पक्ष के लोग उसका उत्पीड़न कर रहे हैं। इसी माह 15 अप्रैल को दोपहर वह अदालत में मुकदमे की तारीख कर अपनी ससुराल पहुंची तो उसके ससुराल पक्ष के लोगों ने उसके साथ गाली गलौज की और धमकी दी कि यदि ससुराल में रहना है तो देह व्यापार करना होगा। उसके विरोध करने पर आरोपितों ने मारपीट कर दी और पहले से मौजूद बाहर के चार लोगों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। उसने गुहार लगाई, लेकिन आरोपितों ने उसकी पीड़ा को नहीं सुना। यह भी धमकी दी कि यदि देह व्यापार न किया तो दोबारा भी ऐसी ही वारदात को अंजाम दिया जाएगा। घटना के बाद शिकायत दर्ज कराने वह थाने पहुंची, लेकिन पुलिस ने उसकी समस्या को नहीं सुना और यह कहकर टरका दिया कि चुनाव के बाद देखेंगे। 20 अप्रैल को फिर अपने भाई के साथ थाने पहुंची तो पुलिस ने उसे फिर चलता कर दिया।
पति-पत्नी की काउंसलिंग महिला थाने में हो रही है
एसओ प्रदीप कुमार शर्मा ने बताया कि विवाद के कारण पति महिला को अपने पास नहीं रखता है। दोनों की काउंसलिंग महिला थाने में हो रही है। महिला की शिकायत के बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी और जांच कर रिपोर्ट से एसपी को अवगत कराया था। प्रारंभिक जांच में दुष्कर्म के आरोप निराधार मिले हैं। अधिकारियों के निर्देश पर कार्रवाई की जाएगी।