गेल गैस ने मेरठ की दो और काॅलोनियों को घोषित किया LPG फ्री जोन, 65 हजार उपभोक्ताओं तक पहुंच चुकी है PNG
गेल गैस लिमिटेड ने मेरठ के मोहनपुरी और विजय नगर क्षेत्रों को एलपीजी मुक्त जोन घोषित किया है। यह कदम ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
जिन क्षेत्रों में पहुंच चुकी है पीएनजी लाइन, उसे घोषित किया जा रहा है एलपीजी मुक्त।
छावनी आर्मी क्वार्टर, मेडिकल कालेज व चौधरी चरण विश्वविद्यालय परिसर भी हैं घोषित।
जागरण संवाददाता, मेरठ। एलपीजी सिलिंडर की किल्लत के चलते अब गेल गैस लिमिटेड ने पीएनजी कनेक्शन देने की गति तेज कर दी है। इसी के साथ जहां पर पीएनजी कनेक्शन पहुंच गया है, उसे एलपीजी मुक्तजोन घोषित किया जा रहा है।
इसी क्रम में राज्यसभा सदस्य डा. लक्ष्मीकांत बाजपेयी की उपस्थिति में मोहनपुरी क्षेत्र और कैंट विधायक अमित अग्रवाल की उपस्थिति में विजय नगर क्षेत्र को गेल गैस लिमिटेड के महाप्रबंधक एवं मेरठ कार्यालय प्रभारी विनय कुमार ने एलपीजी फ्री जोन घोषित किया।
गेल गैस लिमिटेड के महाप्रबंधक ने जानकारी दी कि शहर की 50 काॅलोनियों में भूमिगत गैस पाइपलाइन और इंफ्रास्ट्रक्चर पहुंचाया गया और उसके बाद संबंधित काॅलोनियों को दो माह पूर्व ही एलपीजी फ्री जोन घोषित किया जा चुका है।
उन्होंने बताया कि पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने मार्च 2026 में गजट जारी किया था। इसके तहत सीजीडी नेटवर्क वाले शहरों के उन क्षेत्रों को एलपीजी फ्री जोन घोषित किया जाना है, जहां भूमिगत गैस पाइपलाइन नेटवर्क उपलब्ध है। हाल ही में चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय परिसर और एलएलआरएम मेडिकल कालेज परिसर को भी एलपीजी फ्री जोन घोषित किया गया है।
यहां छात्र-छात्राओं के लिए बने हास्टल व मैस तथा स्टाफ क्वार्टरों में पाइप्ड गैस उपलब्ध है। महाप्रबंधक ने बताया कि अब तक कंपनी 65 हजार घरेलू पाइप्ड गैस उपभोक्ताओं को कनेक्शन आवंटित कर चुकी है। इनमें से रिकार्ड 10 हजार कनेक्शन इसी वित्तीय वर्ष में लगाए गए हैं। शेष वांछित क्षेत्रों में भी कनेक्शन आवंटन का कार्य तेज गति से चल रहा है।
बागपत रोड व रोहटा रोड पर तिरंगा थीम लाइटें लगवाने की मांग
मेरठ : भाजपा पश्चिम क्षेत्र के बजट अभियान 2026 के सह संयोजक आशीष गोयल ने महापौर हरिकांत अहलूवालिया को पत्र लिखकर बागपत रोड और रोहटा रोड पर तिरंगा थीम लाइटें लगवाने की मांग की है। उन्होंने इसके सुंदरीकरण का सुझाव दिया है।
मांग की गई है कि दोनों मार्गों पर सड़क किनारे लगे प्रत्येक बिजली के खंभे पर तिरंगे के तीन रंगों पर आधारित गोलाकार सजावटी लाइटें लगवाई जाएं। इससे रात के समय दोनों मार्ग आकर्षक दिखेंगे और शहर की आधुनिक छवि बनेगी। साथ ही तिरंगे के रंगों की रोशनी देशभक्ति की भावना को भी बढ़ावा देगी। महापौर से संबंधित अधिकारियों से सर्वेक्षण कराने का अनुरोध किया है। महापौर ने मांग पत्र पर विचार करने का आश्वासन दिया।
