फिटनेस मंत्र : एक घंटे की सैर भी सेहत के लिए जरूरी है, अपनी दिनचर्या ऐसी बनाएं
पैदल चलना या टहलना बहुत फायदेमंद है। खाने के बाद पैदल चलने से फैट और शुगर कम होता है। मोटापा नहीं आता है। पैदल चलने से मसल्स भी मजबूत होते हैं। पैदल चलने से दिल भी मजबूत होता है कमर दर्द से भी राहत मिलती है।
मेरठ, जेएनएन। सेहत के लिए अगर आप सुबह उठने के बाद कुछ समय पैदल चलते हैं, वह भी अच्छा है। जिम में जाकर पसीना बहाने या तेज गति से दौड़ लगाने या फिर बहुत मेहनत वाले अभ्यास करने की भी जरूरत नहीं है। टहलना भी अपने आप में एक अच्छा अभ्यास है। जिससे हम अपनी सेहत को फिट रख सकते हैं। कैनरा बैंक के एजीएम विनय कुमार नोक अपनी सेहत के लिए नियमित टहलते हैं। जिससे उन्हें काफी लाभ मिला है।
शारीरिक अभ्यास जरूरी
विनय नोक सुबह सूर्योदय से पहले उठते हैं। बैंक की सर्विस होने की वजह से उन्हें बहुत अधिक बैठना पड़ता है। दिन की शुरुआत से पहले वह आधे घंटे अपने घर के पास पार्क में टहलते हैं। मार्निंग वाक के साथ वह शाम को भी कुछ समय खाना खाने के बाद टहलते हैं। पिछले कई साल से उन्होंने टहलना नहीं छोड़ा है। उनका कहना है कि स्वस्थ रहने के लिए शारीरिक रूप से कोई न कोई अभ्यास जरूरी है। साथ ही सकारात्मक सोच भी जरूरी है, मानसिक रूप से प्रसन्न रहना, अपने कार्य में आनंद की अनुभूति करना भी जरूरी है। सबसे जरूरी है कि हम अपने जीवन को बोझ मत समझें। उसी तरह काम को भी बोझ समझने से बचना चाहिए। परिस्थितियां चाहे जैसी भी हो उसके अनुसार खुद को ढालना जरूरी है। काम में जितना आदंन लेंगे उतना ही फिट रहेंगे।
पैदल चलने के फायदें हैं
पैदल चलना या टहलना बहुत फायदेमंद है। खाने के बाद पैदल चलने से फैट और शुगर कम होता है। मोटापा नहीं आता है। पैदल चलने से मसल्स भी मजबूत होते हैं। पैदल चलने से दिल भी मजबूत होता है, कमर दर्द से भी राहत मिलती है। रोजाना आधे घंटे तक पैदल चलने से शरीर में ऊर्जा बनी रहती है। आर्थराइटिस की समस्या भी पैदल चलने से दूर होती है।