बागपत में पुराने विवाद को लेकर पूर्व प्रधान के पौत्र की गोलियों से भूनकर हत्या,गांव में तनाव Baghpat News
बागपत जिले के गाधी गांव की पूर्व प्रधान सुनीता देवी के पौत्र की सोमवार को गोलियों से भूनकर हत्याकर दी गई। पुलिस ने जांच-पड़ताल कर युवक के शव को कब्जे में लिया।
बागपत, जेएनएन। बागपत जिले के गाधी गांव की पूर्व प्रधान सुनीता देवी के पौत्र की सोमवार को गोलियों से भूनकर हत्याकर दी गई। पुलिस ने जांच-पड़ताल कर युवक के शव को कब्जे में लिया। फेसबुक पर युवती के संबंध में टिप्पणी करने व क्रिकेट खेलने को लेकर हुए विवाद में नौ दिन पूर्व दोनों पक्षों में संघर्ष हुआ था। पुलिस मामले की पड़ताल में जुट गई है।
एएसपी बोले केस दर्ज कर कार्रवाई करेंगे
पूर्व प्रधान सुनीता देवी के बेटे चौधरी कुलदीप ने बताया कि उनका भतीजा रवित सोमवार सुबह ग्राम क्यामपुर से घर लौट रहा था। गांव में रोड पर कुछ लोगों ने घेरकर कुलदीप पर फायरिंग कर दी। गोलियां लगने से भतीजे की मौत हो गई। हमलावर धमकी देते हुए चले गए। मौके पर ग्रामीण एकत्र हो गए। घटना की पुलिस को सूचना दी गई। वहीं एसपी अजय कुमार सिंह, एएसपी अनित कुमार ने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। बाद में कोतवाली पुलिस ने रवित के शव को कब्जे में लिया। घटना से दोनों पक्षों में तनाव है, हालांकि हमलावर मकान छोड़ भागे हुए है। गांव में पुलिस बल तैनात है। एएसपी अनित कुमार का कहना है कि युवक रवित की गोली मारकर हत्या की गई है। दोनों पक्षों का पूर्व में विवाद हुआ था। इस मामले में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
पुलिस की लापरवाही से गई युवक की जान
रामवीर शर्मा और प्रमोद कुमार पक्ष में गत 25 जुलाई को खूनी संघर्ष हुआ था। जिसमें कई लोग घायल हुए थे। दोनों पक्षों की तहरीर पर 20 लोगों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था। एफआईआर में युवक रवित समेत 16 लोग नामजद है। परंतु पुलिस ने एक भी आरोपित को गिरफ्तार नहीं किया। इस घटना में पुलिस की लापरवाही उजागर हो रही है। यदि पुलिस कार्रवाई करती तो शायद यह घटना न हो पाती।