बुलंदशहर में संदिग्ध परिस्थिति में गोली लगने से पूर्व विधायक के पुत्र की मौत Bulandshahr News
बुलंदशहर में दिवाली के दिन सुबह जेवर विधायक रहे होराम सिंह के बेटे की संदिग्ध परिस्थिति में गोली लगने से मौत हो गई। घर के भीतर गोली चलने की आवाज सुनकर स्वजन महेश के कमरे की तरफ दौड़ पड़े। देखा तो बेटे का शव वहीं था।
बुलंदशहर, जेएनएन। बुलंदशहर में दीपावली के दिन शनिवार की सुबह संदिग्ध परिस्थिति में गोली लगने के कारण पूर्व विधायक के पुत्र की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वर्ष 2007 जेवर विधायक रहे होराम सिंह खुर्जा के गांव किला में रहते हैं। शनिवार सुबह उनके बड़े पुत्र महेश (30) की संदिग्ध परिस्थिति में घर पर ही गोली लगने से मौत हो गई।
गोली चलने की आवाज सुनकर स्वजन महेश के कमरे की तरफ दौड़ पड़े। जहां उन्होंने जाकर देखा तो महेश का शव जमीन पर पड़ा हुआ था। वहीं लाइसेंसी दुनाली बंदूक भी पड़ी हुई थी। जिसे देखकर परिवार के लोग बेहाल हो गए। वहीं विधायक होराम सिंह की तबीयत भी खराब हो गई। जिन्हें आननफानन अस्पताल पहुंचाया गया। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने जांच-पड़ताल कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कोतवाली प्रभारी डॉ एमके उपाध्याय ने बताया कि प्रथम दृष्टया किसी बात को लेकर आत्महत्या करना निकल कर सामने आया है। अभी स्वजनों की तरफ से कोई शिकायत नहीं मिली है। पुलिस जांच कर रही है।