तेल का खेल : फॉरेंसिक लैब ने की पेट्रोल में मिलावट की पुष्टि Meerut News
पिछले दिनों पेट्रोल पंपों पर की गई छापामारी के दौरान भरे गए तेल के नमूने की फोरेंसिक लैब से आई रिपोर्ट में मिलावट की बात साबित हो गई है। लैब ने 12 सवालों के जवाब दे दिए हैं।
मेरठ, जेएनएन। मिलावटी पेट्रोल के भरे गए नमूनों में एक फर्म और तीन पेट्रोल पंप के नमूनों की जांच रिपोर्ट रुड़की फोरेंसिक लैब से दोबारा आनी शुरू हो गई है। पारस केमिकल के नमूनो में पेट्रोल में मिलावट की बात साबित हुई है। लैब ने पुलिस की और से पूछे गए 12 सवालों के जवाब दे दिए हैं। अभी तक गणपति पैट्रोकेम के नमूने की जांच रिपोर्ट पुलिस को नहीं मिली है।
11 लोगों को भेजा था जेल
बीस अगस्त को आइजी आलोक सिंह के आदेश पर वेदव्यासपुरी में पारस केमिकल और देवपुरम में गणपति पेट्रोकैम पर छापा मारा था। दोनों फर्म से पुलिस ने पेट्रोल में मिलावट के आरोप में 11 लोगों को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया था। राजीव जैन और गुड्डू जैन समेत सभी को जमानत पर रिहा कर दिया है। दोनों फर्म के अंदर से 2.20 लाख लीटर मिलावटी पेट्रोल बरामद करने का दावा किया गया था। तीन किलो रंग और एक कैंटर भी पकड़ा था। परतापुर थाने में सभी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। आपूर्ति विभाग की तरफ से दोनों फर्म से तीन-तीन नमूने लिए, जो गाजियाबाद, रुड़की और हैदराबाद फोरेंसिक लैब में जांच के लिए भेजे गये थे।
अन्य रिपोर्ट की जल्द आएगी
तीन अक्टूबर को पारस केमिकल फर्म के तीनों नमूने की रिपोर्ट आ गई थी, जिसमें हाइड्रोकार्बन और सालवेंट की पुष्टि हुई थी। यानि मिलावटी पेट्रोल का कोई मामला स्पष्ट नहीं हुआ था। इस स्थिति को स्पष्ट करने के लिए चार अक्टूबर को रुड़की फोरेंसिक लैब को रिमाइंडर भेजा गया, जिसमें 12 सवालों के माध्यम से स्थिति स्पष्ट करने की मांग की गई। रुड़की फोरेंसिक लैब का जवाब मंगलवार को मिल गया। यह जवाब एसआइटी के पास है। वहीं, पारस केमिकल की रिपोर्ट दोबारा आने के बाद गणपति पेट्रोकैम की रिपोर्ट आने की उम्मीद भी जग गई है। माना जा रहा है कि फोरेंसिक लैब गणपति की रिपोर्ट की स्थिति को स्पष्ट कर भेजेगी।