मेरठ में डेयरी संचालक के साथ मारपीट कर जबरन दो भैंस ले गए बदमाश
मेरठ के टीपी नगर थाना क्षेत्र में शनिवार की देर रात करीब दो बजे चार हथियारबंद बदमाश पहुंचे और एक डेयरी संचालक को बंधक बनाकर मारपीट करते हुए दो भैंस ले गए। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की जांच करके बदमाशों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
मेरठ, जेएनएन। मेरठ के टीपी नगर थाना क्षेत्र की भोला रोड पर नीलकंठ वाटिका में प्रमोद त्यागी परिवार के साथ रहते हैं। पास में ही उनका एक प्लॉट भी है। लॉकडाउन के दौरान उनकी और बेटे की नौकरी छूट गई थी, जिसके बाद उन्होंने प्लॉट में डेयरी शुरू कर दी थी। शुक्रवार रात प्रमोद डेरी में सो रहे थे।
शनिवार की देर रात करीब दो बजे चार हथियारबंद बदमाश पहुंचे और उनको बंधक बना लिया। विरोध करने पर उनको जमकर पीटा, जिससे वह बेहोश हो गए। इसके बाद बदमाश दो भैंसों को लूट कर फरार हो गए। सुबह स्वजन डेयरी पर पहुंचे तो मामले की जानकारी हुई। तुरंत ही प्रमोद को नर्सिंग होम में भर्ती कराया। पीड़ितों ने थाने में तहरीर दे दी है।
थाना प्रभारी विजय गुप्ता ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है। कुछ महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं। जल्द घटना का राज पास कर दिया जाएगा।