फ्लोरबॉल चैंपियनशिप में जलवा दिखाएंगे खिलाड़ी
जागरण संवाददाता, मेरठ : भारतीय फ्लोरबॉल संघ ने प्रदेश एसोसिएशन के साथ मिलकर मेरठ में नेश
जागरण संवाददाता, मेरठ : भारतीय फ्लोरबॉल संघ ने प्रदेश एसोसिएशन के साथ मिलकर मेरठ में नेशनल फ्लोरबॉल चैंपियनशिप के आयोजन की तैयारी पूरी कर ली है। आयोजकों ने गुरुवार को चैंपियनशिप की जानकारी उपलब्ध कराई।
विद्या ग्लोबल परिसर में 12वीं फ्लोरबॉल खेल की नेशनल चैंपियनशिप का आयोजन 22 से 25 दिसंबर तक किया जाएगा। गुरुवार को आयोजकों ने आयोजित हो रही चैंपियनशिप के संबंध में जानकारी उपलब्ध कराई। सिविल लाइन स्थित एक होटल में भारतीय फ्लोरबॉल संघ राष्ट्रीय अध्यक्ष अतुल गुप्ता ने बताया कि दुनिया में यह खेल तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। विश्व के तमाम देशों में लाखों खिलाड़ी इस खेल से जुड़ चुके हैं। उत्तर प्रदेश में पहली बार इस खेल की नेशनल चैंपियनशिप का आयोजन किया जा रहा है। तीन दिनों तक चलने वाली इस स्पर्धा में 14 राज्यों की 26 टीम भागीदारी करेंगी। टीमों में 350 खिलाड़ी शामिल होंगे। प्रदेश एसोसिएशन के अध्यक्ष संजीव गुप्ता ने बताया कि इस खेल के नियम साधारण है और किसी भी आयु वर्ग का व्यक्ति इसे आसानी से खेल सकता है। इस खेल की सबसे बड़ी खासियत इसका खिलाड़ी के लिए अधिक सुरक्षित होना है।