पांच साल पहले 80 हजार की रिश्वत लेने में फंसे धर्मेद्र सिंह पर मुकदमा
हस्तिनापुर के फार्म हाउस प्रकरण में फंसे पूर्व एसओ धर्मेंद्र सिंह पांच साल पुराने भ्रष्टाचार के मामले में फंस गए हैं।
मेरठ, जेएनएन। हस्तिनापुर के फार्म हाउस प्रकरण में फंसे पूर्व एसओ धर्मेंद्र सिंह पांच साल पुराने भ्रष्टाचार के मामले में फंस गए हैं। अलीगढ़ के लोधा थाने में धर्मेंद्र सिंह और एसआइ सुधीर कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोप है कि हिरासत में लिए एक युवक को छोड़ने की एवज में 80 हजार की रिश्वत ली थी। मामला अफसरों तक पहुंचा तो रकम वापस कर दी गई थी। हस्तिनापुर से निलंबित एसओ धर्मेंद्र सिंह फार्म हाउस बनाने में फंस गए। साथ घर पर अवैध रुप से बिजली चलाने पर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ था। फिलहाल उनकी जांच एसपी क्राइम रामअर्ज कर रहे हैं। धर्मेंद्र सिंह 2015 में अलीगढ़ के लोधा थाने के प्रभारी रहे हैं। आरोप है कि धर्मेंद्र सिंह ने उप निरीक्षक सुधीर कुमार के साथ मिलकर पंचायत चुनाव में रामकुमार के भतीजे हरीश को शांतिभंग में गिरफ्तार किया था। कुछ ही घंटे बाद परिवार से 80 हजार की रकम लेकर दोनों को छोड़ दिया था। रकम वसूलने के बाद भी हरीश के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दिया गया, जिसकी शिकायत पीड़ित पक्ष की तरफ से अफसरों से की गई। इसके बाद धर्मेंद्र सिंह और सुधीर कुमार ने वसूली 80 हजार की रकम हरीश के परिवार को वापस लौटानी पड़ी थी। डीआइजी के संज्ञान में मामला आने के बाद एसपी यातायात अलीगढ़ और एसपी सिटी हाथरस से मामले की जांच कराई गई। जांच में रकम वसूलकर वापस लौटाने की पुष्टि हो गई। मामले की जांच फिलहाल ईओडब्ल्यू से कराई जा रही थी। ईओडब्ल्यू की जांच में आरोपों की पुष्टि होने के बाद बुधवार को लोधा थाने में भ्रष्टाचार निवारण संगठन की कानपुर यूनिट के रामपाल सिंह की तरफ से लोधा थाने में धर्मेंद्र और सुधीर के खिलाफ भ्रष्टाचार अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर लिया है। हालांकि धर्मेंद्र के खिलाफ मेरठ में भी एसपी क्राइम रामअर्ज जांच कर रहे है।