सर्राफ की दुकान का ताला तोड़कर पांच लाख की चोरी
ठंड शुरू होते ही चोरों की सक्रियता बढ़ गई है। ब्रह्मापुरी क्षेत्र के नूरनगर में चोरों ने शनिवार रात ज्वैलरी की दुकान से पांच लाख का माल साफ कर दिया।
मेरठ, जेएनएन। ठंड शुरू होते ही चोरों की सक्रियता बढ़ गई है। ब्रह्मापुरी क्षेत्र के नूरनगर में चोरों ने शनिवार रात ज्वैलरी की दुकान से पांच लाख का माल साफ कर दिया। सुबह घटना का पता चला। चौकी इंचार्ज सूचना के डेढ़ घंटे बाद घटनास्थल पर पहुंचे।
ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र के सरस्वती लोक में विजय त्रिपाठी पुत्र मदन मोहन त्रिपाठी रहते हैं। उनकी नूरनगर स्थित लव कुश कालोनी के बाहर दिव्या ज्वैलरी शाप है। शनिवार शाम वह दुकान बंद कर घर चले गए थे। करीब पांच लाख रुपये का माल दुकान के अंदर था। विजय के अनुसार देर रात चोर शटर का ताला तोड़कर दुकान में घुसे। आरोपित दुकान में रखी करीब तीन लाख रुपये की चांदी और दो लाख रुपये का सोना बटोरकर चले गए। उनके बराबर में पिटू की कंफेक्शनरी की दुकान है। सुबह दुकान खोलने पहुंचे पिटू ने विजय को उनकी दुकान के ताले टूटने की सूचना दी। विजय ने ब्रह्मपुरी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
देरी से पहुंचे चौकी इंचार्ज
सर्राफ विजय त्रिपाठी ने बताया कि उनके पड़ोसी पिटू ने उन्हें सुबह 6:45 पर फोन कर दिया था। करीब 7 बजे तक वह भी दुकान पर पहुंच गए। उन्होंने माधवपुरम चौकी इंचार्ज वीरपाल और 112 नंबर पर सूचना दी। 112 की टीम तो तत्काल पहुंच गई। आरोप है कि चौकी इंचार्ज करीब डेढ़ घंटे बाद पहुंचे। स्थानीय व्यापारियों ने चौकी इंचार्ज का विरोध भी किया। थाना प्रभारी ने उन्हें समझाकर शांत करा दिया।
डीवीआर भी ले गए चोर
आरोपित दुकान में लगे सीसीटीवी की डीवीआर भी ले गए। हालांकि वे दूसरी दुकान में लगे सीसीटीवी में कैद हो गए हैं।
इन्होंने कहा-
ज्वैलरी की दुकान में चोरी की सूचना पर टीम को भेजा गया था। एक सीसीटीवी में बदमाश दुकान में जाते हुए दिख रहे हैं। फुटेज के जरिए बदमाशों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। विजय की तहरीर के आधार पर अज्ञात में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। टीम काम कर रही है। जल्द ही आरोपितों को पकड़ लिया जाएगा।
-अमित राय, सीओ ब्रह्मपुरी