दो पक्षों में पथराव, दो पुलिसकर्मी घायल, पुलिस ने पांच को किया गिरफ्तार, नौ पर मुकदमा दर्ज Saharanpur News
सहारनपुर में हुए दो पक्षों में झगडे में दो पुलिस कर्मी घायल हो गए। इस दौरान पुलिस पर पथराव की सूचना पर भारी सुरक्षा बल के साथ पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया।
सहारनपुर, जेएनएन। शनिवार देर रात इस्लामनगर में एक ही समुदाय के दो पक्षों में पैसे के लेनदेन को लेकर पथराव हो गया। इसमें चौकी इंचार्ज व सिपाही घायल हो गए। पुलिस ने मौके से पांच लोगों को पकड़ लिया। चौकी इंचार्ज ने नौ लोगों पर विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है।
यह है मामला
शनिवार देर रात इस्लाम नगर में सादिक कुरैशी व शहजाद कुरैशी पक्ष में रुपयों के लेनदेन को लेकर झगड़ा हो गया था। दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर पथराव कर दिया। वहां पहुंची चौकी पुलिस व यूपी-112 ने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन स्थिति बिगड़ती चली गई। इसके बाद चौकी इंचार्ज आदेश पांचाल मौके पर पहुंचे, लेकिन झगड़ा कर रहे लोगों ने उन पर भी पथराव कर दिया। इसमें वह व सिपाही दीपक नागर घायल हो गए।
पुलिस पथराव में दो घायल
पुलिस पर पथराव की सूचना पर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक छोटे सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद पुलिस ने मौके से दोनों पक्षों के शहजाद, मेहरबान, इंतखाब, सादिक व इकराम कुरैशी को मय लाठी डंडों के गिरफ्तार कर लिया, जबकि कुछ लोग भाग गए। चौकी प्रभारी आदेश पांचाल ने दोनों पक्षों के नौ व्यक्तियों पर मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने पकड़े गए पांचों नामजदों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया।