Fitness Mantra In Meerut: सुबह के ये तीन आसन आपको रखेंगे बीमारी से दूर, आजमाइए तो सही
Fitness Mantra आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में हर कोई फिट भी रहना चाहता है। कोविड के चलते काफी बदलाव आया। अपने शरीर को अंदर से मजबूत करने के लिए शहर में बहुत से लोग सुबह योग और आसन भी कर रहे हैं। इसके अनेक लाभ भी हैं।
मेरठ, [विवेक राव]। Fitness Mantra शरीर को जितना बाहर से मजबूत रखने की जरूरत है, उतना ही आतंरिक रूप से भी मजबूती जरूरी है। दोनों में सही संतुलन रखने से ही हम खुद को बीमारियों से बचाव कर सकते हैं। कोविड आया तो उसने बता दिया की अंदरूनी शक्ति का कितना महत्व है। जिसकी वजह से लोगों ने शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए कई तरह के आयुर्वेदिक औषधियों का भी उपयोग करते रहे। शरीर को अंदर से मजबूत करने के लिए शहर में बहुत से लोग सुबह योग और आसन भी कर रहे हैं। जिससे वह तनाव, ब्लडप्रेशर, शुगर जैसी बीमारियों से बचाव कर पा रहे हैं। बैंक से कई साल पहले सेवानिवृत्त और समाजसेवी गिरीश शुक्ला हर रोज तीन आसान करते हैं। इससे वह खुद को पूरी तरह से फिट रखते हैं।
ये आसान करते हैं
गिरीश शुक्ला सुबह साढ़े पांच बजे बिस्तर छोड़ देते हैं। मौसम ठंड का हो या गर्मी का। उनके उठने का समय निश्चित है। गर्मियों में वह सुबह बाहर भी घूमने जाते थे, लेकिन इस समय सर्दी होने की वजह से बाहर का टहलना उन्होंने कम किया है। घर पर ही वह योग और अभ्यास करते हैं। सबसे पहले कुछ हल्के फुल्के आसन करने के बाद वह व्यायाम भी करते हैं। इसमें तीन आसन वह नियमित करते हैं। इन आसनों में विशेषकर कटिचक्र आसन, भुजंग आसन, अनुलोम- विलोम शामिल है। वह बताते हैं कि इससे उन्हें पेट, कमर, कंधों के दर्द, रीढ़ की हड्डी, ब्लड प्रेशर में काफी राहत मिली है। सांस की समस्या भी इससे दूर हुई। सुबह आधे से एक घंटे तक योग, प्राणायाम करने से दिन भर की भागदौड़ करने में भी थकावट नहीं आती है। गिरीश शुक्ला कहते हैं बढ़ती उम्र के साथ अगर व्याधियों से बचना है तो योग ही सबसे सही तरीका है।