Fitness Mantra In Meerut: सूर्य नमस्कार और संतुलित आहार, बस यही तो है अच्छी सेहत का आधार
सेहत और स्वास्थ्य को ठीक रखने के लिए हमें नियमित अपने शरीर पर ध्यान देने की जरूरत है। अगर आप ये चाहते हैं कि आप बीमारियों से बचकर रहें तो इसके लिए जरूरी है नियमित अभ्यास और संतुलित पौष्टिक आहार। फिट रहने के लिए हमें अभ्यास करना ही होगा।
मेरठ, [विवेक राव]। Fitness Mantra हर कोई स्वस्थ और सेहतमंद रहना चाहता है। सेहत और स्वास्थ्य को ठीक रखने के लिए हमें नियमित अपने शरीर पर ध्यान देने की जरूरत है। अगर आप ये चाहते हैं कि आप बीमारियों से बचकर रहें तो इसके लिए जरूरी है नियमित अभ्यास और संतुलित पौष्टिक आहार। खुद को तनावमुक्त रखने के लिए सूर्य नमस्कार काफी उपयोगी है, शहर में लोग इसे अपनी दिनचर्या में शामिल कर रहें हैं। अगर सेहतमंद रहना चाहते हैं तो इसे जरूर आजमाएं। आज हमने मेरठ की डायटीशियन डा. भावना गांधी से उनकी दिनचर्या और सुबह के अभ्यास के विषय में बात की है। तो आइए जानते हैं कि कैसी है उनकी दिनचर्या।
सुबह योग-शाम को एरोबिक्स करती हैं
डायटीशियन डा. भावना गांधी सुबह साढ़े छह बजे से सात बजे के बीच हर हाल में बिस्तर छोड़ देती हैं। इसके बाद हर रोज वह एक से डेढ़ घंटे योग और अभ्यास करती हैं। योग के साथ मेडिटेशन, सूर्य नमस्कार और प्राणायाम करती हैं। सुबह के अलावा वह शाम को कई तरह के अभ्यास करती हैं। शाम साढ़े पांच बजे से साढ़े छह बजे के बीच डा. गांधी एरोबिक्स और टहलने में लगाती हैं। कोविड के समय में वह बाहर नहीं जाती हैं कि घर में ही हर तरह का अभ्यास करती हैं।
मेडिटेशन का मिला लाभ
डा. भावना बताती हैं कि नियमित मेडिटेशन करने का बहुत लाभ मिला है। इसे करने से तनाव पूरी तरह से नियंत्रित रहता है। दिल और दिमाग भी पूरी तरह से शांत रहता है। रात में अच्छी नींद भी आती है। आत्मविश्वास भी बढ़ता है, शरीर में पूरी तरह से स्फूर्ति रहती है।
प्राणायाम इस समय है जरूरी
कोविड के समय में जब शरीर को अंदर से भी मजबूत करने की बात आती है, तो उसमें प्राणायाम काफी उपयोगी हो रहा है। डा. भावना गांधी कहती हैं कि प्राणायाम करने से उन्हें बहुत लाभ मिला है। फेफड़े की क्षमता बढ़ाने, आक्सीजन की मात्रा शरीर में बढ़ाने के लिए यह कारगर है। पेट में कई तरह की बीमारियों से भी यह बचाता है। वहीं वह सूर्य नमस्कार करने से भी अपने शरीर में बहुत बड़ा फर्क महसूस करती हैं, वह बताती हैं कि सूर्य नमस्कार अपने आप में संपूर्ण है। इसमें शरीर के सभी अंगों का व्यायाम हो जाता है। शरीर में इससे लचीलापन आता है। ब्लड शुगर, कोलेस्ट्राल को इससे मैंने नियंत्रित किया है।
यह है जरूरी
डा. गांधी कहती हैं कि नियमित दिनचर्या से ही सेहत को ठीक रख सकते हैं। अच्छी सेहत का मतलब दिल, दिमाग और शरीर तीनों का संतुलन में होना और बीमारियों से बचाव है। इस समय ठंड है। सेहत को सही रखने के लिए मौसम के फल और सब्जियों का भी इस्तेमाल करना चाहिए। घर पर बना खाना ही हेल्दी होता है। इस समय गुड़, शक्कर, खाड़ का भी प्रयोग करना चाहिए। पालक, बथुआ, मेथी के साग और मक्के की रोटी को भी अपने खाने में जरूर रखें। सुबह की धूप भी जरूर लें। अगर 21 दिन तक अपनी दिनचर्या को सही कर लिया तो यह आपके आदत में शामिल हो जाएगा।