Fitness Mantra In Meerut: सूर्य की पहली किरण के संग कदमताल कीजिए और फिर देखिए परिवर्तन
Fitness Mantra फिटनेस मंत्र में नोबल ग्रुप आफ इंस्टीट्यूशन (नोबल पब्लिक स्कूल नोबल कालेज आफ प्रोफेशनल स्टडीज) के डायरेक्टर अमित कुमार ने अपनी दिनचर्या को साझा किया है। वे प्रतिदिन सुबह साढ़े छह बजे बिस्तर छोड़ देते हैं। इसके बाद योग अभ्यास करते हैं।
मेरठ, [विवेक राव]। Fitness Mantra स्वास्थ्य से बढ़कर कुछ भी नहीं है। शरीर भी एक मशीन की तरह से है। जिस तरह से मशीन गलत तरीके से चलाने से वह खराब हो सकती है। उसी तरह से अनियमित दिनचर्या भी शरीर को बीमार कर देती है। शरीर को इसलिए स्वस्थ रखने के लिए शारीरिक अभ्यास जरूरी है। कोविड ने लोगों को अपनी दिनचर्या को नियमित करने के साथ स्वास्थ्य को लेकर भी सजग किया है। फिटनेस मंत्र में नोबल ग्रुप आफ इंस्टीट्यूशन (नोबल पब्लिक स्कूल, नोबल कालेज आफ प्रोफेशनल स्टडीज) के डायरेक्टर अमित कुमार ने अपनी दिनचर्या को साझा किया है।
दिन की शुरुआत सूर्य नमस्कार से
अमित कुमार सुबह साढ़े छह बजे बिस्तर छोड़ देते हैं। अपने घर के पास बाग में टहलने जाते हैं। इसके बाद नियमित तौर पर सूर्य नमस्कार भी करते हैं। सूर्य नमस्कार और व्यायाम करने से उन्हें काफी लाभ मिला है। पहले पीठ दर्द रहता था, जब से उन्होंने दिनचर्या को सही करते हुए अभ्यास शुरू किया। पीठ दर्द ठीक हो गया। साथ ही दिन भर काम में भी उत्साह बना रहता है। वह बताते हैं कि कोरोना के समय में शारीरिक और मानसिक तौर पर मजबूत रखने की चुनौती रही। इसमें व्यायाम काफी सहायक रहा है।
दो महीने में बदलाव
वह बताते हैं कि सुबह सूर्योदय के साथ उठने, टहलने, सूर्य नमस्कार और व्यायाम करने से दो महीने में ही स्वास्थ्य में सुधार दिखने लगा। वजन पर भी काफी नियंत्रण हुआ। मांसपेशियों का दर्द भी ठीक होने लगा। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि मेरे तनाव को छोड़ने में मदद मिली। इसने मेरी कार्य दक्षता में सुधार किया। मैं अपने अनुभव के आधार पर मानता हूं कि योग को हर व्यक्ति को अपने घर पर करना चाहिए। जीवनशैली में योग शामिल हो गया तो बीमारी भी दूर रहेगी। अगर हम नियमित रूप से व्यायाम करते हैं और खुद को फिट रखते हैं, तो आसानी से दवाईयों पर होने वाले खर्च को भी बचा सकते हैं। वह कहते हैं कि व्यायाम किसी भी प्रकार की मजबूरी के तहत नहीं किया जाना चाहिए। बल्कि स्वस्थ शरीर प्राप्त करने के लिए दृढ़ संकल्प के साथ किया जाना चाहिए। क्योंकि स्वास्थ्य ही सबसे बड़ा धन है।